अलकायदा ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें उसके नेता अल जवाहिरी ने दावा किया है कि उनके संगठन ने भारत में भी एक समानांतर संगठन खड़ा किया है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद भारत सरकार अलर्ट हो गई है और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इसी मुद्दे पर एक बैठक भी की है।
इस बैठक में आईबी और रॉ के चीफ मौजूद रहे। इनके अलावा मीटिंग में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गृहमंत्री को स्थिति की पूरी जानकारी दी है साथ ही राज्यों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
आशंका जताई जा रही है कि अल कायदा इन राज्यों में आतंकियों की भर्ती कर सकता है। इससे पहले देखा गया था कि ISIS से प्रभावित होकर कुछ मुस्लिम युवाओं ने इराक का रुख किया था।
55 मिनट के इस वीडियो में अल जवाहिरी ने कहा कि इस संगठन का नाम क़ायदात अल जिहाद है।
वीडियो में अल जवाहिरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और गुजरात के मुसलमानों को छुटकारा दिलाया जाएगा। हालांकि माना जा रहा है कि ये कोशिश ISIS के बढ़ते प्रभाव को कम करने की है।
खबर के मुताबिक दोनों आतंकी संगठन दुनिया भर के मुसलमानों को प्रभावित करना चाहते हैं और इसके लिए वह तमाम तरीके अपना रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नया आतंकी संगठन ISIS सुर्खियों में है।
ISIS से जुड़ने के लिए तमाम देशों के युवा मुस्लिम देश छोड़ रहे हैं और इराक पहुंच रहे हैं। इस संगठन के मुखिया बगदादी ने खुद को खलीफा भी घोषित कर दिया है।
माना जा रहा है कि दोनों संगठनों के बीच वर्चस्व की जंग शुरु हो गई है और यही कारण है कि काफी वक्त के बाद अलकायदा फिर से सक्रिय दिख रहा है और उसने ये नया वीडियो जारी किया है।