मथुरा की बिटिया आकृति गर्ग ने कलाकारों की प्रतिभाओं को उनके मुकाम तक पहुंचाने के लिए अभिनव पहल की है। इसके लिए उन्होंने एक वेबसाइट लांचमाईटैलेंट डॉट कॉम शुरू की है। इस पर किसी भी क्षेत्र का कोई कलाकार अपनी प्रतिभा का विशेषज्ञों से आकलन करा सकता है और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है।
जागरूकता, मार्गदर्शन और जानकारी के अभाव में छोटे शहरों, कस्बों या ग्रामीण अंचल की बहुत-सी प्रतिभाएं वहीं दम तोड़ देती हैं। ऐसी प्रतिभाओं को दुनिया के सामने लाने का अनोखा प्रयोग किया है भूतेश्वर निवासी अनुज गर्ग और रितु गर्ग की बेटी आकृति ने। वह दिल्ली के किरोड़ीमल कालेज से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं। टीवी पर रिएलिटी शो देखने की शौकीन आकृति ने लांचमाईटैलेंट डॉट कॉम (अब दुनिया देखेगी तेरा हुनर) की शुरुआत की है।
इस साइट पर डांस, गाना, कुकिंग, मिमिक्री, कॉमेडी, आर्ट, फोटोग्राफी, लेखन, एक्टिंग, स्पोर्ट्स, सहित 14 क्षेत्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कॉम्पटीशन की प्रक्रिया शुरू हो गई। वेबसाइट की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गूगल एनालिटिकल रिपोर्ट के अनुसार हर दिन औसतन 25-30 हजार लोग इसे देख रहे हैं, लगभग तीन माह में 18 लाख से ज्यादा लोग इसको विजिट कर चुके हैं। गूगल दो माह से लगातार इस वेबसाइट को 100 प्रतिशत की रेटिंग दे रहा है।