पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात राहुल खट्टा के राइटहैंड माने जाने वाले 95 हजार के इनामी आकाश शामली को पुलिस ने रविवार रात रमाला क्षेत्र से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान उसका साथी अमित उर्फ भूरा किरठल भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आकाश के पास से पिस्टल बरामद की है। तीन राज्यों की पुलिस पांच साल से इसके पीछे पड़ी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक शामली के मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी आकाश, रविवार आधी रात के बाद लगभग दो बजे अपने साथियों के साथ रमाला पुल के पास होने की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आकाश शामली और उसके साथी किरठल निवासी अमित उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया। एसपी रवि शंकर छवि ने बताया कि आकाश, अमित उर्फ भूरा सरनावली और पूर्व में मारे गए राहुल खट्टा के साथ मिलकर तीन राज्यों में हत्या, लूट, अपहरण, रंगदारी मांगने की घटनाओं को अंजाम देता था।
पूछताछ के दौरान आकाश शामली ने दर्जनों घटनाओं का इकबाल किया है। आकाश पर 25 मुकदमे दर्ज हैं। आकाश पिछले पांच साल से वांटेड चल रहा था।