भारतीय संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के बाद पाकिस्तानी मीडिया में कोई खास हलचल देखने को नहीं मिली। हालांकि सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। जियो न्यूज के पत्रकार हामिद मीर ने अफजल गुरु को निर्दोष बताकर उसकी फांसी को गलत बताया है।
जियो न्यूज के पत्रकार हामिद मीर ने ट्वीट किया, 'मुझे लगता है कि अफजल गुरु निर्दोष था, लेकिन भारत में फांसी दे दी गई।' हामिद मीर ने अफजल गुरु को निर्दोष बताने के लिए अरुंधती राय के एक लेख की कुछ पंक्तियों का भी हवाला दिया, जिसमें अफजल गुरु को बेकसूर बताया गया है। मीर ने ट्वीट किया, 'भारत में मेरे कुछ मित्रों ने बताया कि कांग्रेस सरकार आगामी चुनावों में फायदा उठाने के लिए पाकिस्तान के साथ रिश्तों में तनाव लाना चाहती है।
वहीं पाकिस्तान में अफजल गुरु को फांसी दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया हुई और कई लोगों ने तो सरबजीत सिंह को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग भी कर डाली। पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों ने ट्विटर पर लिखा है कि अफजल गुरु को भारत ने फांसी दे दी है और अब पाकिस्तान को चाहिए कि वह सरबजीत सिंह को फांसी दे।