संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने की सूचना उसके घरवालों को स्पीड पोस्ट के जरिए सोमवार को मिली। यह 'सरकारी सूचना' उसके घरवालों को तब मिली है जब अफजल को शनिवार को ही फांसी पर लटका दिया गया था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा था कि अफजल को फांसी दिए जाने की सूचना उसके घरवालों को शुक्रवार को ही दे दी गई थी। फिर बाद में पता चला कि मंत्रालय ने 'सरकारी सूचना' स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी थी।
फांसी वाले दिन अफजल के परिजन बार-बार कोई भी सूचना न मिलने की बात करते रहे। परिवार के वकील ने कहा था कि उन्हें न तो फांसी की पूर्व सूचना दी गई और न ही परिजनों को आखिरी बार अफजल से मिलने ही दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पोस्ट मास्टर जनरल का कहना है कि अफजल की बीबी तबस्सुम गुरु के नाम पर शुक्रवार को एक पत्र भेजा गया था, जो शनिवार को श्रीनगर पहुंचा था। अगले दिन रविवार होने के कारण यह सूचना सोमवार को अफजल के परिजनों तक पहुंच गई।