100 स्मार्ट सिटी योजना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांवों को भी सौगात देने की तैयारी में हैं। उनकी अगली महत्वाकांक्षी योजना स्मार्ट विलेज है। इसके तहत देश में 300 गांव चुने जाएंगे। इसके लिए 5,140 करोड़ रुपये का बजट भी निश्चित कर दिया है। सर्वाधिक गांव उत्तर प्रदेश से हो सकते हैं।
संभवत: टॉप 20 स्मार्ट सिटी बनाने के बाद योजना पर कार्य शुरू होगा। योजना भारतीय जनता पार्टी के आदर्श माने जाने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से शुरू होगी। इसमें बिजली(खास तौर से सौर ऊर्जा), पानी, सड़क, शौचालय, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, संचार की सुविधा होगी।
वैज्ञानिक तरीके से खेती सिखाई जाएगी। क्षेत्र विशेष की फसल के आधार पर लघु उद्योग विकसित किए जाएंगे। निजी कालेज के सेमिनार में भाग लेने आए शहरी विकास मंत्रालय के एसोसिएट टाउन एंड कंट्री प्लानर डा. पवन कुमार ने बताया कि योजना का खाका तैयार हो चुका है। गांवों का चयन नहीं हुआ है। स्मार्ट सिटी मिशन बाद गांवों की बारी है।