उपनगरीय इलाके गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में रियल्टी शो ‘इंडियाज रॉ स्टार’ की शूटिंग के दौरान एक दर्शक ने मॉडल से अभिनेत्री बनीं गौहर खान को थप्पड़ जड़ दिया।
हमला करने वाले दर्शक ने खान को धमकी दी कि एक मुस्लिम महिला होने के नाते उन्हें इतने छोटे कपड़े नहीं पहनने चाहिए। पुलिस ने बताया कि हमला करने वाले दर्शक की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद अकील मलिक के रूप में की गई है।
मलिक ने शूटिंग के बीच ब्रेक के दौरान अभिनेत्री को थप्पड़ मारा और उन्हें गलत नीयत से छुआ, लेकिन मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उस पर काबू पा लिया और इसके बाद पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास चव्हाण ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ आईपीसी के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उस पर धारा 354 भी लगाया गया है, जो एक महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने से जुड़ा है। मलिक को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।