एक करोड़ 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी में फंसे मुंबई के वरुण इंडस्ट्रीज के तीन निदेशक देश छोड़कर भाग निकले हैं। आगरा की थाना हरीपर्वत पुलिस ने जब मुंबई में उनके ठिकानों पर दबिश दी तो जानकारी हुई कि तीनों चार माह से विदेश में हैं। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस इंटरपोल की मदद लेगी। इसके लिए रेड कार्नर नोटिस जारी करने के लिए एसएसपी को पत्र लिखा गया है।
मुंबई में वरुण इंडस्ट्रीज की वरुण स्टील, वरुण पेट्रो केमिकल और वरुण पावर समेत कई कंपनियां हैं। कंपनी के निदेशक वरुण मेहता और किरन मेहता ने एक साल पहले संजय प्लेस स्थित फाइनेंस कंपनी एसई इन्वेस्टमेंट लिमिटेड से व्यापार के लिए एक करोड़ रुपये का ऋण लिया था। कुछ माह बाद वरुण इंडस्ट्रीज ने लोन की किस्तें अदा करना बंद कर दिया।
इस पर एसई इन्वेस्टमेंट कंपनी ने नोटिस जारी किए। इसके बाद ऋण अदायगी के लिए कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की मगर बात नहीं बन सकी। इसके बाद एसई इन्वेस्टमेंट कंपनी के महेश दीक्षित ने वरुण मेहता, किरन मेहता और कैलाश अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।