बिहार के किशनगंज जिले की एक पंचायत ने सामूहिक बलात्कार की शिकार एक किशोर को अजीबोगरीब फरमान जारी किया है। युवती सात माह की गर्भवती है। पंचायत ने पीड़िता से कहा कि वह 50 हजार रुपये ले और अपना गर्भपात करवाए।
पुलिस ने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय की 16 वर्षीय किशोरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके साथ चार भाइयों ने सात माह पहले सामूहिक बलात्कार किया और वह अब सात माह की गर्भवती है।
किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस बारे में स्थानीय पकोला पलाशानी पंचायत से संपर्क किया, तो पंचायत ने उससे 50 हजार रुपये लेकर गर्भपात कराने को कहा।
मामले की जांच कर रही किशनगंज की महिला पुलिस थाने की प्रभारी स्वेता गुप्ता ने कहा कि पुलिस आरोपी चारों भाइयों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। किशोरी के पिता राजस्थान में मजदूर हैं। पिता की कमाई से ही उसके छह लोगों के परिवार का भरण-पोषण होता है।