भाजपा ने ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर आम से खास होने का आरोप लगाया है।
पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा है कि केजरीवाल की दुबई यात्रा ने उसके असली चेहरे को बेनकाब कर दिया है। मामला है आम आदमी पार्टी नेता द्वारा बिजनेस क्लास में बैठकर उड़ान भरने का। गौरतलब है कि केजरीवाल एक सम्मान समारोह में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को दुबई रवाना हुए।
भाजपा की ओर से हो रहे हमले के बीच आम आदमी पार्टी केजरीवाल के बचाव में आ गई है। पार्टी ने सवाल किया है कि क्या बिजनेस क्लास में बैठकर विमान यात्रा करना कोई अपराध है। साथ ही पार्टी ने कहा है कि केजरीवाल को बिजनेस क्लास का टिकट समारोह के आयोजकों की ओर से दिया गया था।
अपनी पांच दिवसीय विदेश यात्रा में केजरीवाल दुबई के बाद न्यूयॉर्क जाएंगे। दुबई में उन्हें वर्ल्ड ब्रांड समिट में एशिया के सबसे प्रेरणादायक और युवा सामाजिक परिवर्तनकर्ता के सम्मान से नवाजा जाएगा।