आम आदमी पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर विरोध का सुर बढ़ता जा रहा है। चांदनी चौक सीट से आशुतोष की उम्मीदवारी का विरोध पहले से ही है, अब उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली सीट पर विधायक राखी बिडलान का नाम सामने आने पर विरोध और बढ़ गया है।
शनिवार को इस संसदीय सीट के कायकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। हालांकि पार्टी ने अभी टिकट फाइनल नहीं होने की बात कहकर इससे किनारा कर लिया है।
लेकिन शनिवार को दूसरी सूची जारी नहीं होने से साफ हो गया है कि सब कुछ ठीक नहीं है।
नहीं जारी की दूसरी लिस्ट
आम आदमी पार्टी की ओर से शनिवार को लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी होने की उम्मीद जताई जा रही थी। सूची आती इससे पहले ही कुछ सीटों पर उम्मीदवारों का नाम लीक हो गया।
इसमें मंगोलपुरी से विधायक राखी बिडलान का नाम भी चर्चा में आया।
राखी का नाम दिल्ली की एकमात्र आरक्षित उत्तर-पश्चिमी लोकसभा सीट पर आया। पार्टी अब तक दावा करती रही कि विधायकों को टिकट नहीं दिया जाएगा। राखी का नाम सामने आया तो पार्टी के भीतर ही आलोचना शुरू हो गई।
समर्थकों ने जताया रोष
उत्तर-पश्चिमी संसदीय सीट के सभी विधानसभाओं के कार्यकर्ता शनिवार को पार्टी कार्यालय के सामने धरने पर जा बैठे। पार्टी पर बंद कमरे में फैसले लेने का आरोप तक लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों में दिल्ली चुनाव के दौरान बवाना विधानसभा के कैंपेन मैनेजर अरविंद भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यहां बैठे लोगों को टिकट नहीं चाहिए। उन्हें बंद कमरे में निर्णय लिए जाने पर ऐतराज है। वह जानना चाहते हैं कि राखी को ही क्यों, दूसरों को टिकट क्यों नहीं।
कुछ नहीं बोले संजय सिंह
इस मसले में पार्टी के नेता संजय सिंह ने कुछ नहीं बोला। लेकिन उन्होंने साफ किया कि प्रत्याशियों की अभी दूसरी सूची नहीं आई है। यह नाम कहां से आ रहे हैं, पता नहीं।
उम्मीदवार का नाम प्रक्रिया के तहत तय हो रहा है। कुल चार चरणों के बाद अंतिम फैसला पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) उम्मीदवार का नाम तय करती है।