तमाम राष्ट्रीय नेताओं को ‘भ्रष्ट सूची’ में डालकर निशाने पर आई आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वह राज्य स्तर पर भी भ्रष्ट, आपराधिक एवं वंशवादी पृष्ठभूमि वाले नेताओं की सूची जारी कर उनके खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारेगी।
महाराष्ट्र में आप के वरिष्ठ आप नेता सुभाष वारे ने कहा, हम राज्य स्तर पर नेताओं की सूची जारी करेंगे।
अलग-अलग राज्यों में ऐसे कई नेता हैं जिनके नाम पार्टी ने घोषित नहीं किए हैं लेकिन वे भ्रष्टाचार-राजनीति के अपराधीकरण और वंशवादी राजनीति के प्रतीक हैं।
विधानसभा चुनावों पर है नजर
पार्टी सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र एवं हरियाणा में लोकसभा चुनावों के तुरंत बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन दोनों राज्यों पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
आप ने हाल में कई राजनीतिक दलों के नेताओं की सूची जारी की थी जिनके खिलाफ वह लोकसभा चुनावों में अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।
इनमें सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी, प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती और संप्रग सरकार के कई मंत्रियों के नाम शामिल हैं।
बड़े नेताओं के खिलाफ उतारेंगे प्रत्याशी
पार्टी महाराष्ट्र में शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले, पूर्व उप मुख्यमंत्री छगन भुजबल या उनके बेटे समीर में से जो भी लोकसभा चुनाव लड़ेगा, उनके खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार सकती है।
वहीं हरियाणा को लेकर भी पार्टी प्रवक्ता योगेन्द्र यादव ने पूरी तैयारियां कर दीं। उन्होंने अपना पूरा ध्यान आगामी विधानसभा चुनावों पर केंद्रित किया। विधानसभा चुनावों को देखते हुए वो अपनी रणनीतियां तैयार कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि दिल्ली की सफलता के बाद क्या दूसरों राज्यों में भी केजरीवाल को वही अप्रत्याशित सफलता मिलेगी या केजरीवाल का वो तिलिस्म टूट जाएगा।