लोकसभा चुनावों का वो वक्त आ पहुंचा है, जब हर राजनीतिक दल में टिकट के बंटवारे को लेकर महाभारत मची हुई है। भाजपा हो या कांग्रेस, समाजवादी पार्टी हो या तीसरे मोर्चे से जुड़े दल, चुनावों से पहले नेताजी टिकट की खातिर इधर-उधर भाग रहे हैं।
भाजपा परेशान है, क्योंकि पहले बनारस और लखनऊ जैसी अहम सीटों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मोदी, मुरली मनोहर जोशी और लालजी टंडन में से कौन कहां से़ लड़ेगा, साफ नहीं हो पा रहा। राहुल गांधी के टिकट बंटवारे से पुराने नेताओं के माथे पर बल पड़े हुए हैं।
इस बीच आम आदमी पार्टी को भी बगावत का सामना कर पड़ रहा है। कोई टिकट मांग रहा है, तो कोई टिकट लौटा रहा है। लेकिन इस बीच अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है, जिसमें कई दिग्गजों के खिलाफ उतरने वाले सूरमाओं के नाम शामिल हैं। सूची में कुल 61 नाम हैं, जिनमें से 39 उम्मीदवार उत्तर प्रदेश की सीटों से हैं।
अजय माकन के सामने आशीष खैतान?
आम आदमी पार्टी ने सोमवार को जो सूची जारी की, उनमें 60 नाम हैं। इनमें 38 उत्तर प्रदेश, 13 कर्नाटक, 4 हरियाणा, 3 पंजाब और दो दिल्ली के हैं। जिन सीटों पर नाम का ऐलान किया गया, उनमें से कई को पुराने दिग्गजों से टकराना होगा।
सबसे पहले बात दिल्ली की, जहां आम आदमी पार्टी ने अब सभी सातों उम्मीदवारों के नाम बता दिए हैं। नई दिल्ली सीट से पत्रकार आशीष खैतान को टिकट दिया गया, जिन्हें संभवतः पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन का सामना करना होगा। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली से कर्नल देवेंदर सहरावत को मौका दिया गया है।
दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा से भी आम आदमी पार्टी काफी उम्मीदें बांध रही हैं। दिल्ली से सटी गुड़गांव सीट पर पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव के नाम का ऐलान पहले ही कर दिया गया है।
भड़ाना से भिड़ेंगे पुरुषोत्तम डागर
चौथी लिस्ट में आम आदमी पार्टी ने हरियाणा की चार सीटों से उम्मीदवार साफ कर दिए हैं। भिवानी से ललित अग्रवाल, करनाल से परमजीत और अम्बाला से एस पी सिंह को टिकट दिया गया है।
फरीदाबाद सीट से आम आदमी पार्टी ने पुरुषोत्तम डागर को अवसर दिया है और उन्हें कांग्रेस के दिग्गज नेता अवतार सिंह भड़ाना से मुकाबला करना होगा। अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्ट नेताओं की अपनी सूची में भड़ाना का नाम भी शामिल किया था।
हरियाणा के पड़ोसी राज्य पंजाब की बात करें, तो संगरूर से कॉमेडियन भगवंत मान, फरीदकोट से प्रोफेसर साधु सिंह और गुरुदासपुर से सुचा सिंह छोटेपुर को टिकट दिया गया है।
बंगलुरु की सीट से भी हटा पर्दा
कर्नाटक की कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बंगलुरु नॉर्थ से प्रोफेसर बाबू मैथ्यू, बंगलुरु साउथ से नीना पी नायक, बंगलुरु ग्रामीण से रविकृष्ण रेड्डी, चिकबल्लापुर से के अर्केश, दक्षिण कन्नड़ से एम आर वासुदेव, गुलबर्ग से डॉ बी टी ललिता नाइक, चिकोडी से अशफाक अहमद मदाकी, हुबली-धारवाड़ से हेमंत कुमार को मौका दिया गया है।
इसके अलावा बिदार से चंद्रकांत कुलकर्णी, रायचुर से भीमार्य और कोलार से कोटिगनाहलीरमइया को मौका मिलेगा। लेकिन मजेदार जंग बंगलुरु सेंट्रल पर देखने को मिलेगी, जहां इंफोसिस के पूर्व आला अफसर वी बालाकृष्णन को टिकट दिया गया।
इसके अलावा केजरीवाल की पार्टी ने शिमोगा से जी श्रीधर कल्लाहल्ल को टिकट दिया है, जो भाजपा के बी येदियुरप्पा से दो-दो हाथ करेंगे।
कानपुर में AAP ने बनाई दिलचस्प जंग
अब बात उत्तर प्रदेश की, जहां 80 लोकसभा सीटें यह तय कर सकती हैं कि वह आगामी लोकसभा चुनावों में किस राजनीतिक दल को दिल्ली की गद्दी तक पहुंचने का मौका देगी।
कुशीनगर से अखंड प्रताप सिंह, झांसी से अर्चना गुप्ता, देवरिय से अरुण कुमार त्रिपाठी, उन्नाव से अरविंद कुमार कमल, हमीरपुर से अतुल कुमार सिंह प्रजापति को मौका दिया गया है।
इसके अलावा डुमरियागंज से बदर-ए-आलम, गाजीपुर से ब्रजभूषण दुबे को टिकट मिला है। कानपुर से AAP के टिकट पर डॉ. महमूद हुसैन रहमानी लड़ेंगे, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल, सपा के राजू श्रीवास्तव से होगा।
भाजपा का दावेदार अभी तय नहीं है। लेकिन अगर मोदी बनारस से लड़ते हैं, तो मुरली मनोहर जोशी को यहां की जिम्मेदारी दी जा सकती है। गौतमबुद्धनगर सीट से केपी सिंह को टिकट दिया गया है।
मोहम्मद कैफ को केजरी की चुनौती
इसके अलावा मेरठ से हिमांशु सिंह को मैदान में उतारा गया है, जहां से उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने नरेंद्र मोदी को लड़ने की चुनौती दी है। साथ ही लखीमपुर से इलियास आजमी, जौनपुर से डॉ कैलाश प्रकाश यादव, गोंडा से माशूक उस्मानी, बिजनौर को डॉ गौरव चौहान, रॉबर्ट्सगंज से राम ध्यान भारती, बुलंदशहर से राहुल दीपांकर और आजमगढ़ से राजेश यादव को आम आदमी पार्टी की टिकट मिली है।
साथ ही आगरा से रवींद्र सिंह, अलीगढ़ से साबिर राही, नगीना से सारिका चौधरी, फूलपुर से शिमला श्री को मौका दिया गया, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के मोहम्मद कैफ से होगा।
आम आदमी पार्टी ने मोहनलालगंज से सुनील गौतम, इटावा से उजियारी लाल, अमरोहा से मौलाना कल्बे रशीद, भदोही से वारिस अकबल खान, गोरखपुर से प्रोफेसर राधे मोहन मिश्रा को उतारा गया है, जहां उन्हें भाजपा के शीर्ष नेता योगी आदित्यनाथ से भिड़ना होगा।
मुजफ्फरनगर से मोहम्मद यामीन
हाल में दंगों की मार झेलने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर सीट से मोहम्मद यामीन, संभल से हुर्र मेहदी बकरी सुहैल, आंवला से नरेश सिंह, पीलीभीत से राजीव अग्रवाल को मौका मिला है।
इसके अलावा हाथरस से सुनहली लाल टांक, फतेहपुर सीकरी से महावीर सोलंकी को खड़ा किया गया, जहां इनेलो के अमर सिंह उन्हें चुनौती देंगे। सीतापुर से शेफाली मिश्रा, प्रतापगढ़ से अशोक कुमार शुक्ला, कौशांबी से डॉ शीतला प्रसाद खड़ी होंगी।
अंबेडकरनगर से करमवीर चक्रवर्ती, सलेमपुर से चंद्र प्रपात सिंह, फतेहपुर जैन उल हक और बरेली से सुनील कुमार को मौका दिया गया है।