अब पासपोर्ट बनवाने के लिए आपको ढेर सारे कागजात जमा नहीं करवाने होंगे। अगर आपके पास आधार नंबर है तो इसे ही एड्रेस प्रूफ और फोटो पहचान पत्र मान कर पासपोर्ट जारी किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट जारी करनेवाली सभी अथॉरिटीज को इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। इसमें आधार कार्ड को अहम बनाया गया है। अभी तक पासपोर्ट बनवाने के लिए 14 तरह के दस्तावेजों की जरूरत होती थी।
इसमें मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज शामिल थे। लेकिन आधार नंबर को मान्यता मिलने के बाद अब पासपोर्ट ऑफिस में इनमें से कई दस्तावेज नहीं जमा कराने होंगे।
उल्लेखनीय है कि आधार कार्ड 12 अंकों का एक नागरिक पहचान नंबर है, जिसे कार्ड की शक्ल में दिया जाता है। सरकारी सब्सिडी का पैसा भी अब आधार कार्ड के जरिए लोगों के बैंक खातों में जाने लगा है।