मेरठ में एक महिला दारोगा से छेड़छाड़ के मामले में डीआईजी पीटीएस के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। डीजीपी के निर्देश पर एडीजी की ओर से की गई जांच के बाद ये कार्रवाई की गई।
मेरठ पीटीएस में तैनात एक महिला दारोगा को डीआईजी पीटीएस एके श्रीवास्तव ने अपने ऑफिस में बुलाकर छेड़छाड़ की थी। दारोगा ने मामले की शिकायत डीजीपी लखनऊ से की। डीजीपी ने मुरादाबाद एडीजी को मेरठ भेजकर मामले की जांच कराई।
मामला तूल पकड़ा तो डीआईजी बीमारी के बहाने लंबी छुट्टी पर चले गए। उनका चार्ज एडीजी जावेद अख्तर को सौंपा गया। एडीजी ने मामले में महिला दारोगा समेत आठ पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए।
पड़ताल के बाद पुलिस के आला अफसरों ने डीआईजी को आरोपी माना। शनिवार को महिला दारोगा की तहरीर पर डीआईजी पीटीएस के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज हुआ। कार्यवाहक महिला थाना प्रभारी रश्मि चौधरी ने बताया कि आरोपी डीआईजी को पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी।
बता दें कि करीब दो महीने पहले महिला दरोगा का अपने इंस्पेक्टर पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। डीआईजी एके श्रीवास्तव ने दारोगा को ऑफिस में बुलाया और पति को सबक सिखाने की बात कही।
महिला दारोगा कुछ बोलती इससे पहले डीआईजी ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला ने डीआईजी की करतूत तुरंत अपने इंस्पेक्टर पति को बताई। इसके बाद दंपत्ति ने डीआईजी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।