असम के बारपेटा जिले में बृहस्पतिवार सुबह भीषण एक्सीडेंट हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर एक ट्रक ने दो मिनी बसों को टक्कर मार दी जिससे 30 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 13 बच्चे भी शामिल हैं।
दोनों मिनी बस में ईंट-भट्ठों में काम करने वाले मजदूर और उनके परिवार के लोग सवार थे।
पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ। दोनों बसें एक-दूसरे के पीछे चल रही थीं तभी पश्चिम बंगाल से आ रहे ट्रक ने पहले एक बस में टक्कर मारी जिससे वह दूसरी बस से टकरा गई।
इस भिड़ंत में बस के चालकों सहित 28 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
कथित रूप से शराब के नशे में चूर ट्रक चालक गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में कई परिवारों का खात्मा हो गया।