इलाहाबाद हाईकोर्ट की 150 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 13 मार्च को आयोजित होने जा रहे समारोह में शिरकत को लेकर चल रही ऊहापोह की स्थिति को समाप्त करते हुए मुख्य न्यायाधीश डा. डीवाई चंद्रचूड ने सभी वकीलों को कार्यक्रम में आने का न्यौता दिया है।
चीफ जस्टिस सोमवार को दिन में स्वयं लाइब्रेरी हॉल पहुंचे। उनके साथ अन्य तमाम न्यायमूर्तिगण भी थे। न्यायाधीशों ने बार से आग्रह किया कि सभी लोग समारोह में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
जजों की ओर से न्यौता मिलने से बार सदस्यों में काफी खुशी और संतोष देखा। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट प्रशासन ने इससे पूर्व वकीलों की अधिक संख्या को देखते हुए वकीलों की उपस्थिति को सीमित रखने की योजना बनाई थी। इसके तहत सभी से आवेदन के रूप में उनका ब्यौरा मांगा था ताकि शार्टलिस्ट करके पास जारी किया जा सके।
इस योजना से वकीलों में मायूसी के साथ ही नाखुशी भी थी। अधिवक्ता सशंकित थे कि पता नहीं उनको कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा या नहीं। इस ऊहापोह की स्थिति को समाप्त करते हुए चीफ जस्टिस ने सभी को आमंत्रित किया है।
बार के अध्यक्ष राधाकांत ओझा और महासचिव अशोक कुमार सिंह सहित सभी पदाधिकारियों ने इसका स्वागत किया है। इस अवसर पर न्यायमूर्ति दिनेश महेश्वरी को मेघालय हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने पर बार ने उनको अंगवस्त्रम और स्मिति चिन्ह भेंटकर विदाई दी।