आंध्र प्रदेश के तटीय पूर्वी गोदावरी जिले के वाकाटिप्पा गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 11 लोग मारे गए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक मृतकों की संख्या इससे अधिक हो सकती है।
जिला मुख्यालय ककिनाडा के पास उप्पाडा कोथापल्ली मंडल के वाकाटिप्पा गांव की फैक्ट्री में सोमवार दोपहर में विस्फोट हुआ। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त फैक्ट्री में 18 मजदूर काम कर रहे थे।
जिलाधिकारी नीतू प्रसाद ने फैक्ट्री का दौरा करने के बाद बताया कि दोपहर 2.45 बजे अचानक हुए विस्फोट में मारे गए लोगों में नौ महिलाएं शामिल हैं। घायलों को ककिनाडा जनरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक एम रवि प्रकाश ने बताया कि हादसे में शव बुरी तरह झुलस गए हैं।
उन्होंने बताया कि मौके पर ही नौ लोगों ने दम तोड़ दिया जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ा। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक पटाखे बनाने के दौरान केमिकल रिएक्शन के कारण विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञ पहुंच गए हैं।