22 अगस्त 2013 को शक्ति मिल में फोटो पत्रकार से सामूहिक बलात्कार के मामले में सुनवाई कर रही सत्र अदालत ने मामले के तीन दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। चौथे दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। गैंगरेप में पहली बार फांसी की सजा सुनाई गई है।
अदालत ने पिछले महीने आईपीसी की धारा 376 (ई) के तहत अतिरिक्त आरोप तय किया था। बार-बार बलात्कार करने के अपराध से जुड़े प्रावधान में अधिकतम सजा मृत्युदंड है।
प्रधान सत्र न्यायाधीश शालिनी फंसालकर-जोशी ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (ई) (बलात्कार के अपराध का दोहराव) के तहत तीनों आरोपियों विजय जाधव (19), कासिम बंगाली (21) और मोहम्मद सलीम अंसारी (28) को फांसी की सजा सुनाई।
दरअसल, इन आरोपियों की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद ही एक कालसेंटर में काम करने वाली टेलीफोन ऑपरेटर सामने आई और उसने भी इनमें से 3 युवकों पर उसके साथ गैंगरेप करने का आरोप लगाया था।
फिर ढके जाएंगे माया के हाथी
चुनाव आयोग ने एक बार फिर मायावती और उनकी पार्टी को झटका देते हुए कहा है कि नोएडा और लखनऊ में लगी हाथी की मूर्तियों को ढक दिया जाएगा।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को यह आदेश दिया है। इसके पहले भी ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि आदर्श चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी द्वारा लगवाई गई हाथी की मूर्तियां ढक दी जाएंगी।
हालांकि, चुनाव आयोग के आदेश के बाद यह तय हो गया है कि 2012 विधानसभा चुनाव की तरह ही आम चुनाव में भी हाथी की मूर्तियां ढक दी जाएंगी।
केजरीवाल पर फिर हमला
लोकसभा चुनावों के प्रचार पर निकले आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर अचानक एक शख्स ने मुक्का जड़ दिया। यह घटना राजधानी के दक्षिणपुरी इलाके में में चुनाव प्रचार के दौरान घटी।
इस घटना के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने हमलावर को पकड़ लिया और जमकर पीटा। हालांकि, केजरीवाल गाड़ी पर से बार-बार अपील कर रहे थे कि इस शख्स को मारा न जाए, लेकिन AAP के लोग गुस्से में थे।
चरखी दादरी में कुछ रोज पहले रोड शो में केजरीवाल पर ठीक इसी तरह से हमला हुआ था। इसके अलावा जब वो बनारस गए थे, तो वहां उन पर स्याही फेंकी गई थी। और अंडे मारने का प्रयास भी हुआ। केजरीवाल ने कहा कि हमारी कामयाबी से चिढ़कर कांग्रेस और भाजपा ये सब करवा रहे हैं।
केंद्र के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
संयुक्त प्रगातिशील गठबंधन(यूपीए)-2 के शासन काल में 21 घोटाले हुए हैं। सोनिया-राहुल ने पीएमओ की गरिमा तक को गिरा दिया। कांग्रेस ने अपने शासन काल में हुए घोटालों की जांच तक नहीं होने दी। ये सभी आरोप भाजपा ने अपनी स्पेशल चार्जशीट में यूपीए सरकार के खिलाफ लगाए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यूपीए-2 के शासनकाल के दौरान भारत-अमेरिका संबध भी सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को यूपीए सरकार सांप्रदायिकता का रंग देती है। साथ ही देश की सुरक्षा एजेंसियों के कामकाज को प्रभावित करती है।
आम चुनाव के मतदान का पहला चरण नजदीक आने के साथ ही बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार पर हमला तेज कर दिया है। इस चार्जशीट को इसी हमले की एक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा चाहती है कि इस तरह की चार्जशीट के माध्यम से वो यूपीए सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाए।
चुनावी माहौल में मोदी को खुशखबरी
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी इन दिनों 2002 के गुजरात दंगो को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। कुछ महीने पहले गुजरात का स्नूपगेट कांड भी गले की हड्डी बन चुका है।
इन तमाम मुश्किलों के बीच गुरुवार को नरेंद्र मोदी को तीन बड़ी खुशखबरी मिलीं। इनमें से दो अदालतों के दरवाजे से आईं और तीसरी चुनाव आयोग की तरफ से। जिसमें पहली हाई कोर्ट ने गुजरात के निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप शर्मा की वो याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें स्नूपगेट कांड में एफआईआर दर्ज करने की अपील की गई थी।
दूसरी बड़ी राहत में मोदी सरकार में जल संसाधन मंत्री बाबूभाई बोखारिया को नौ साल पहले कांग्रेसी नेता की हत्या से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिल गई। तीसरी खुशखबरी निर्वाचन आयोग के प्रमुख वी एस संपत ने सोनिया गांधी-इमाम बुखारी की मीटिंग पर शिकायत के आने पर कार्रवाई करने का आश्वासन देना है।
बाबरी मामले में सनसनीखेज खुलासा
लोकसभा चुनावों के इस मौसम में भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों को डसने वाला एक स्टिंग सामने आया है। राम मंदिर का मुद्दा ठंडे बस्ते में डालकर विकास के नाम पर चुनाव लड़ने का दावा करने वाला भगवा दल इससे मुश्किल में फंस सकता है।
राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े रहे 23 अहम लोगों को फोकस कर बनाए गए इस स्टिंग में दावा किया गया है कि 6 दिसंबर, 1992 में बाबरी ढांचे का ढहाया जाना एक सोची-समझी साजिश थी। और इसे संघ परिवार की अलग-अलग इकाइयों ने प्रशिक्षित वॉलेंटियर की मदद से अंजाम दिया।
स्टिंग राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े अहम लोगों के बयानों पर आधारित हैं। इनमें साक्षी महाराज, आचार्य धमेंद्र, उमा भारती, महंत वेदांती, विनय कटियार, लालकृष्ण आडवाणी, कल्याण सिंह और कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव का नाम सामने आया है।
खास भर्ती का वादा पड़ा मुलायम के गले
मुस्लिम वोट बैंक की राजनीती सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह को महंगी पड़ सकती है। बृहस्पतिवार को बुलंदशहर और ग्रेटर नोएडा में चुनावी सभा करने पहुंचे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगों में मुसलमानों का ज्यादा नुकसान हुआ।
उन्होंने मुस्लिम युवकों की पुलिस में खास भर्ती कराने का वादा भी कर दिया। मुलायम का यह बयान सामने आने के बाद डीएम ने भाषण का वीडियो तलब किया है।
उन्होंने कहा कि एक आयोग की रिपोर्ट में साफ हो गया है कि मुस्लिमों की हालत दलितों से भी खराब है। इसलिए उनको रोजगार और नौकरी देंगे। दूसरी सरकारें मुसलमान नौजवानों का सीना कम बताकर साजिशन भर्ती से रिजेक्ट कर देती हैं और हमारी सरकार में वही युवक फिट हो जाते हैं।
पूनम महाजन की संपत्ति जानकर हो जाएंगे हैरान
भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत दिग्गज नेता प्रमोद महाजन की बेटी और अखिल भारतीय सचिव पूनम महाजन की संपत्ति में पिछले पांच साल में इतना इजाफा हुआ है कि एक बार को यकीन करना मुश्किल है। वह इस बार मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से चुनाव मैदान में हैं।
भाजपा की तरफ से प्रिया दत्त को चुनौती दे रहीं पूनम महाजन ने कुल 108.7 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति का ऐलान किया है। इसके अलावा एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की तरफ से दी गई जानकारी ने दिलचस्प खुलासा किया है।
जब पूनम महाजन ने घाटकोपर (पश्चिम) से साल 2009 में विधानसभा चुनाव लड़ा था, तो उन्होंने कुल संपत्ति 23.23 करोड़ बताई थी। इसके अलावा 36 लाख रुपए का कर्ज होने की बात भी कही थी।