"फ़ैन तो सभी के हैं हज़ारों में, लाखों में। लोगों की भीड़ जमा हो जाती है पर क्या ये भीड़ आपकी फ़िल्म देखने आती है या नहीं ये पक्का नहीं है?" ये कहना था अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी का जब उनसे फ़ैंस के बारे में पूछा गया।
उनकी फ़िल्म 'बदलापुर' आज(20 फरवरी) को रिलीज़ हो गई है। 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर', 'कहानी', 'किक', 'मिस लवली', 'तलाश' जैसी फिल्मों से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने वाले अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी को हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यश भारती सम्मान दिया गया।अपनी फ़िल्म के रिलीज के पहले नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने की बीबीसी से ख़ास बातचीत।
तीनों खानों के साथ नवाज
जहां फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता-अभिनेत्री तीनों खानों के साथ काम करने के लिए तरसते हैं वहीं नवाजुद्दीन को मौका मिला तीनों खान के साथ काम करने का।
नवाज़ ने सलमान खान के साथ फिल्म 'किक' की और अब 'बजरंगी भाईजान' कर रहे हैं।सलमान के लिए नवाज़ कहते हैं, "उनके जैसा कोई नहीं है।
सलमान ख़ान के अंदर एक बच्चा भी है। मैं चाहता हूं कि फिल्म शूटिंग चलती रहे और कभी खत्म ना हो।"नवाज़ शाहरुख खान के साथ आने वाली फिल्म 'रईस' में दिखेंगे।
नवाजुद्दीन ये भी कहा कि भारत में 'स्टार' की नहीं 'सुपरस्टार' की फिल्में चलती हैं। सुपरस्टार ही एक बुरी फ़िल्म का बोझ उठा सकते हैं।
आज के विलेन की उपाधि स्वीकार नहीं
'किक' फिल्म में नवाजुद्दीन के विलन के किरदार फिल्म समीक्षकों के साथ साथ लोगों को भी भाया पर नवाज को आज के दौर का विलेन बनना गंवारा नहीं है।
नवाज़ कहते हैं, "वो वक़्त अलग था जब अमजद खान और अमरीश पुरी विलेन थे। आज के दौर की सच्चाई अलग है।"नवाज़ की दिली तमन्ना है कि वो विलेन के अलावा हीरो का किरदार भी निभाएं।
वो कहते हैं, "मैंने आज तक रोमांटिक रोल या पेड़ों के आस-पास डांस करने वाला किरदार नहीं किया है पर मैं ऐसा किरदार करना चाहूंगा जहां मुझे डांस करने को मिले। मैं उसके लिए डांस सीखूंगा।
"नवाज़ुद्दीन ने कहा कि बदलापुर में वो एक हास्य भूमिका निभा रहे हैं और वो लोगों को हंसाएंगे।