सुर्खियां बटोरने के लिए सनी लियोनी का ये कहना ही काफी है कि वो पहले काफी गलतियां कर चुकी हैं। हाल ही में सनी लियोनी ने ऐसा ही कहा।
पॉर्न एक्ट्रेस से बॉलीवुड में अभिनेत्री बनीं सनी की फिल्म 'एक पहेली लीला' रिलीज हो रही है। इसके प्रमोशन के मौके पर पहुंचीं सनी ने माना कि वो अभी बॉलीवुड के दांव पेंच से अंजान हैं।
वैसे तो सनी लियोनी की हालिया रिलीज फिल्मों ने अच्छा कारोबार किया है और फिल्म 'रागिनी एमएमएस 2' के गाने 'बेबी डॉल' से उन्हें काफी लोकप्रियता भी मिली है।
लेकिन फिर भी वो मानती हैं कि इस सब के लिए वो अभी तैयार नहीं थीं।
बहुत गलतियां की है मैंने
सनी ने अपनी पिछली फिल्मों का हवाला देते हुए कहा, "मैं जो कुछ गलत कर सकती थी वो मैंने किया क्योंकि मैं बॉलीवुड के लिए नई हूँ।"
सनी ने बताया कि शुरुआत में उन्हें कहानियाँ चुनने कि कला नहीं आती थी। वो कहती हैं, "मैंने जब 'जैकपॉट' की और वो फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई तो मैं काफी डर गई थी। मेरे लिए 'रागिनी एमएमएस' का हिट होना बेहद जरूरी था वर्ना मेरा आत्मविश्वास टूट जाता।"
सनी ने बॉलीवुड में आने के बाद फिल्मों के चुनाव की गलतियों को तो माना, लेकिन साथ में ये भी जोड़ा कि वो गलतियों से सीख भी रही हैं।
सनी ने कहा, "मेरी आने वाली फिल्म में आप देखेंगे कि मैंने अभिनय पर मेहनत की है, मेरा अतीत कुछ भी रहा हो, लेकिन अपने भविष्य को लेकर मैं गंभीर हूँ।"