अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की धमकी के बाद मुंबई पुलिस की सुरक्षा पाने वालों में सोनू सूद भी शामिल हो गए हैं। पिछले दिनों निर्माता किरन मोरानी को धमकी और उनके घर के बाहर गोलियां चलने के बाद पुलिस ने शाहरुख खान और बोमन इरानी को सुरक्षा प्रदान की है।
असल में ये तीनों ऐक्टर अंतरराष्ट्रीय डांस टूर पर निकलने वाले हैं और मोरानी को पुजारी ने कहा है कि इस टूर पर एक शहर में टिकट बेचने के अधिकार उसके दोस्त को दिए जाएं। मोरानी के इंकार के बाद के बाद ये धमकियां शुरू हुई हैं।
एक दिन में दो फिल्में
अक्षय कुमार के लिए 2015 में 23 जनवरी का दिन मुश्किल भरा साबित होने जा रहा है। मामला उनकी फिल्मों से जुड़ा है। इस दिन अक्षय की दो फिल्में एक साथ रिलीज हो सकती है। सूत्रों से पता चला है कि अक्षय की आगामी फिल्म गब्बर और बेबी के प्रोड्यूसर अपनी अपनी फिल्मों को अगले साल गणतंत्र दिवस पर रिलीज करना चाहते हैं।
वीकेंड को देखते हुए इन फिल्मों के 23 जनवरी को रिलीज होने की संभावना है। गब्बर के निर्माता पहले यह तारीख अनांउस कर चुके है. लेकिन अब "बेबी" के निर्माता भी इस दिन अपनी फिल्म रिलीज करना चाह रहे है। इससे सीधा नुकसान अक्षय कुमार को ही हो सकता है।
इमरान को लगा झटका
इमरान हाशमी को बॉक्स ऑफिस पर एक और झटका लगा है। शंघाई, एक थी डायन और घनचक्कर जैसी फ्लॉप फिल्मों के बाद उनकी ‘राजा नटवरलाल’ भी खास चमत्कार नहीं दिखा सकी है। फिल्म ने बीते वीकेंड में केवल 17 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
फिल्म को लेकर ऐसी कोई हवा भी नहीं बन सकी है कि जारी सप्ताह में लोग उसे देखने के लिए जाएंगे। वैसे न तो फिल्म के प्रोमो और न ही संगीत ने दर्शकों को आकर्षित किया था। ‘सीरियल किसर’ हीरो के लिए यह वाकई मुश्किल घड़ी है।