कहते हैं कि खरबूजे को देख कर खरबूजा रंग बदलता है। सोनम कपूर भी अपनी इमेज बदलना चाहती हैं। इन दिनों जिस तरह से हीरोइनें ऐक्शन और स्पोर्टस वाली फिल्में कर रही हैं, उसे देखते हुए सोनम भी अपनी ग्लैमरस भूमिकाओं से बाहर आना चाहती हैं।
चर्चा है कि ‘खूबसूरत’ का स्पेशल शो देखने के बाद उन्होंने अपने दोस्तों से कहा कि अब तो ऐक्शन-पैक्ड भूमिकाओं का इंतजार है। जल्द ही आप पाएंगे की ऐक्शन फिल्मों के निर्माता-निर्देशकों की कतार उनके आगे खड़ी होगी। लेकिन ‘खूबसूरत’ का क्या होगा? जल्द ही पता चल जाएगा।
टीवी से दूर रहेंगे ऋतिक रोशन
ऋतिक रोशन ने तय किया है कि वह अपनी नई फिल्म ‘बैंग बैंग’ को टीवी पर प्रमोट करने के लिए रियलिटी शो या सीरियलों का हिस्सा नहीं बनेंगे। उनका मानना है कि अगर फिल्म अच्छी बनी है तो उसे टीवी पर प्रमोट करने का कोई मतलब नहीं है।
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले आमिर खान ने ‘धूम-3’ के टीवी प्रमोशन से इंकार कर दिया था क्योंकि उनके हिसाब से फिल्म बढ़िया बनी थी। अब देखना है कि क्या धीरे-धीरे सितारे टीवी से दूर होंगे क्योंकि कोई फिल्म ऐक्टर टीवी पर घंटों बर्बाद नहीं करना चाहता।
क्यों फैलाते हो अफवाहें?
जो लोग ऐक्टरों की बीमारी के बहाने बड़ी-बड़ी गॉसिप फैला देते हैं, उन्हें निराश होना पड़ेगा। सुपरस्टार कमल हासन ने साफ कर दिया है कि वह कतई बीमार नहीं हैं, बल्कि पूरी तरह से फिट हैं। दो दिन पहले चेन्नई से कमल के गंभीर रूप से बीमार होने की खबरें आई थीं।
परंतु कमल ने उन्हें खारिज करते हुए कहा है कि हल्की-सी फूड पॉयजनिंग हो गई थी और थोड़े से इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हूं। किसी को यह बात जमे या न जमे, कमल के फैन्स जरूर खुश होंगे।