अब यह तय हो गया है कि निर्देशक राजू हिरानी ऐक्टर संजय दत्त पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। खास बात यह है कि संजय दत्त का रोल निभाने के लिए रणबीर कपूर ने हां कर दी है। परंतु चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि राज कपूर का पोता नर्गिस दत्त के बेटे का रोल निभाने जा रहा है।
इसमें संदेह नहीं कि राज-नर्गिस की प्रेम कहानी बॉलीवुड की सबसे रोमांटिक कहानियों में से है। खैर, खबर यह है कि फिल्म की शूटिंग राजू तब शुरू करेंगे जब संजू बाबा जेल से रिहा हो जाएंगे। यानी जिंदगी को ज्यों का त्यों पर्दे पर उतारने में कोई मुश्किल न हो। मान्यता ने भी एक बार कहा था कि उन्हें खुशी होगी यदि रणबीर इस रोल के लिए हां कह दें।
मर्डर से आउट हुए हाशमी
भट्ट कैंप की ‘मर्डर ब्रांड’ फिल्मों से इमरान हाशमी का रिश्ता किसी से छुपा नहीं है। पहली दो फिल्मों को हिट बनाने के पीछे इमरान ही थे। जबकि रणदीप हूडा की मौजूदगी में ‘मर्डर-3’ फ्लॉप हो गई थी। तब कहा गया कि ‘मर्डर-4’ में इमरान की वापसी होने जा रही है।
परंतु अब सूत्र खबर लाए हैं कि भट्ट कैंप ने फिर से जोखिम उठाने का फैसला किया है यानी इस फिल्म में इमरान नहीं होंगे। नए नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिनि देखना होगा कि इमरान के बगैर बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का क्या हाल होगा।
शाहिद की इतनी मेहनत
अक्सर चर्चा होती है कि बड़े अवार्ड समारोहों में सितारों को तभी पुरस्कार मिलता है जब वे मंच पर नाचने का वादा करते हैं। नाचते-गाते हैं। हाल में शाहिद कपूर को एक अवार्ड नाइट तैयारी करते हुए पाया गया, जिसमें वे बीमार होने के बावजूद रिहर्सल कर रहे थे। उन्हें बुखार था और सर्दी भी लगी थी।
वे कॉफी के गरमागरम घूंट पीते हुए अभ्यास में जुटे थे। देखना रोचक होगा कि कि क्या शाहिद को आयोजक इस कड़ी मेहनत का पुरस्कार देंगे या नहीं? इधर शाहिद कपूर की फिल्म हैदर की भी चर्चा है।