इंडियाज गॉट टेलेंट का पांचवां सीजन इसी 11 जनवरी से कलर्स चैनल पर शुरू होने जा रहा है। हर शनिवार और रविवार रात नौ बजे प्रसारित होनेवाले इस शो में देश के कोने-कोने से आए कलाकार अपनी कला प्रस्तुत करते दिखेंगे। इस बार भी किरण खेर, करण जौहर और मलाइका अरोड़ा इस शो के जज हैं।
आप इंडियाज गॉट टेलेंट शो से शुरूआत से ही जुड़ी हुई हैं। अब पांचवां सीजन शुरू होने जा रहा है। इस शो में ऐसी क्या विशेषता है, जो आपको बांधे हुए है?
इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह देश के हर तबके के टेलेंट को मंच देता है। हमारा देश कितनी विविधताओं से भरा हुआ है और यहां कितनी तरह की प्रतिभाएं हैं, यह शो एक बानगी पेश करता है।
इंडियाज गॉट टेलेंट से पता चलता है कि प्रतिभासंपन्न लोग सिर्फ मुंबई या दिल्ली जैसे महानगरों में ही नहीं रहते, बल्कि देश के कोने-कोने में बिखरे हुए हैं। शो की इसी खासियत ने मुझे लगातार आकर्षित किया है।
मैं खुद पंजाब के एक छोटे शहर के मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हूं, इसलिए मुझे इस शो में शामिल प्रतियोगियों से जुडऩे में जरा भी वक्त नहीं लगता है।
इस शो के हर सीजन में कुछ न कुछ नया जुड़ता है। इस बार इंडियाज गॉट टेलेंट में क्या अलग देखने को मिलेगा?
- काफी सारे एक्ट पहली बार शामिल किए गए हैं। जैसे कि वाटर एक्ट पहली बार देखने को मिलेगा। जिमनास्ट के चकित कर देनेवाले करतब प्रस्तुत किए जाएंगे। कलाकारों को प्रस्तुत करते समय भारती और मंत्रा की कॉमेडी का मजा भी लिया जा सकेगा। निश्चित रूप से इस बार पिछले सभी सीजन से बढ़कर टेलेंट शामिल हुए हैं।
कई बार देखा गया है कि आपके प्रतियोगी खतरनाक किस्म के स्टंट करते हैं। चूंकि यह प्राइम टाइम का शो है, इसलिए दोनों अन्य जजों करण जौहर और मलाइका अरोड़ा खान के साथ आप अपनी ओर से कितना सतर्क रहती हैं?
हम लोग पूरा खयाल रखते हैं कि शो में सनसनीखेज लोग शामिल न हों। हमारी कोशिश रहती है कि प्रतियोगियों का प्रस्तुति कलात्मक हो या कला के निकट हो। कई बार हम स्टेज पर ही ऐसे लोगों को झिड़क देते हैं, जो खतरनाक किस्म के करतब दिखाकर इंप्रेस करने के लिए आते हैं।
आपके बहुत से प्रतियोगी काफी गरीब होते हैं। क्या आप तीनों जजों की अपनी ओर से कोशिश होती है कि शो में शामिल होने आए सेलिब्रिटीज इनकी मदद करें?
हां, दसियों बार ऐसा हुआ है कि शो में शामिल होने आए स्टार गरीब कलाकारों की मदद को आगे आए हैं। पिछले सीजन में एक गरीब बच्चे को शाहरुख खान ने कार गिफ्ट की थी।
शाहरुख उसकी गायकी से बहुत प्रभावित थे। हम तीनों लोग भी कई तरह से जरूरतमंद प्रतियोगियों की हेल्प करने की कोशिश करते हैं। उन्हें अपने दोस्तों से कहकर उनके लायक काम दिलवाते हैं।
स्टेज पर आपकी उपस्थिति एक गरिमापूर्ण भारतीय नारी की होती है। आप पारंपरिक परिधान में लोगों का ध्यान आकर्षित करने में हमेशा ही कामयाब रही हैं?
मैं अपने देश की संस्कृति में पूरा भरोसा करती हूं। यही वजह है कि मुझे लोगों का बहुत प्यार मिला है। इंडियाज गॉट टेलेंट के बाद तो मेरी लोकप्रियता देशभर में बढ़ी है। मुझे लोगों का जबर्दस्त रेस्पांस मिला है। अब तो हालत यह है कि मैं जहां भी जाती हूं, महिलाएं घेर लेती हैं। मुझ से कई तरह के टिप्स मांगने लगती हैं।
हंसमुख स्वभाव की होने के बावजूद आपकी इमेज एक सख्त महिला की भी है?
मैं कई मामलों में एकदम दृढ़ रहती हूं। दरअसल मेरा बैकग्राउंड आर्मी का है। मुझ पर पिता का प्रभाव है। वे आर्मी में बड़े ऑफिसर थे। इसी वजह से मैं सच्चा व्यवहार पसंद करती हूं और खुद भी बिना लाग लपेट के अपनी बात रखती हूं।