जावेद जाफरी एक ऐसे अभिनेता हैं जिन्होंने फिल्मों में हर तरह के रोल निभाए और किसी खास तरह की इमेज में खुद को नहीं बांधा। जावेद अच्छे कलाकार के अलावा अच्छे होस्ट और डांसर भी हैं। उन्होंने कई कार्यक्रमों का संचालन किया है। फिल्मों में जावेद जाफरी द्वारा की गई कॉमेडी अलग स्टाईल की रही है।
हास्य कलाकार जगदीप के बेटे
जावेद जाफरी का जन्म 4 दिसंबर, 1963 को मुंबई में हुआ था। इनके पिता सैयद जवाहर अली जाफरी, जिन्हें जगदीप के नाम से फिल्मों में लोकप्रियता मिली, स्वयं एक बेहतरीन हास्य कलाकार थे। उन्होंने फिल्म 'शोले' और 'अंदाज अपना-अपना' जैसे चर्चित फिल्मों में हास्य कलाकार के रूप में बेहतरीन काम किया था। जावेद जाफरी के भाई नावेद जाफरी भी एक अभिनेता हैं।
पहली फिल्म में निगेटिव किरदार
उनका हास्य डॉयलॉग का न होकर चेहरे के बनते-बिगड़ते पोस्चर और सिचुएशन पर आधारित होता है। अच्छे कॉमेडियन होने के बाद भी जावेद जाफरी फिल्मों में एक हास्य कलाकार के रूप में जगह नहीं बना पाए। वे फिल्मों में तो दिखे पर ऐसे नहीं कि इंडस्ट्री की जरूरत बन जाएं। जावेद जाफरी की फिल्मों में शुरुआत 1985 में रिलीज हुई फिल्म 'मेरी जंग' से हुई। इस फिल्म में उनका ग्रे शेड का वाला किरदार दर्शकों को रास आया।
बच्चों के बीच भी हुए पॉपुलर
1990 में आमिर खान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'जवानी जिन्दाबाद' में जावेद अच्छी भूमिका में दिखे। अलग-अलग फिल्मों में जावेद ने किस्म-किस्म के किरदार निभाए। जावेद बच्चों की पसंदीदा चरित्र रहे हैं। उनकी कॉमेडी बच्चों को खासी रास आती रही है। जावेद की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'जजंतरम-ममंतरम' पूरी तरह से बच्चों को टारगेट करके बनाई गई फिल्म थी। फिल्म बहुत नहीं चली पर जावेद का काम सराहा गया।
दूसरी पारी शुरू की 2007 से
लंबे समय के बाद 2007 में रिलीज हुई 'धमाल' फिल्म में जावेद याद रखने वाली भूमिका में दिखे। इसके बाद उनकी कुछ फिल्में लगातार आईं। फिल्मों में बहुत सक्रिय न रहने वाले जावेद इसके बाद सिंग इज किंग, कमबख्त ईश्क, डैडी कूल, लूट और डबल धमाल फिल्मों में दिखे।
छोटे पर्दे पर बनाई अलग पहचान
फिल्मों के अलावा केबल के आगमन के बाद जावेद जाफरी को फिल्मों के अलावा छोटे-पर्दे पर भी पहचान मिलने लगी। चैनल वी के कई कार्यक्रम में जावेद जाफरी दिखे। टाइमेक्स टाइमपास जैसे गीत आधारित कार्यक्रमों के अलावा वह अलग-अलग चैनलों के कार्यक्रमों को होस्ट करने वाले अभिनेता के रूप में भी पहचाने गए।