'रेस' 2 में इस बार बिपाशा के बजाय दीपिका पादुकोण है। यूं तो दीपिका बोल्ड और बिदांस किरदारों को निभाने के लिए जानी जाती है। इस फिल्म में दीपिका की भूमिका क्या रहेगी, आइए जानते हैं खुद दीपिका की जुबानी।
'रेस' 2 में ऐसी क्या बात आपको लगी जो आप इस में शामिल हुईं?
मुझे 'रेस' फिल्म बहुत पसंद आयी थी साथ ही मुझे अब्बास मस्तान का निर्देशन का स्टाइल बहुत पसंद है। इसलिए जब इस फिल्म का ऑफर आया तो मैं खुद को रोक नहीं सकी। फिल्म में मैं बहुत ही मेन्युपुलेटिव, मौकापरस्त और गुस्सैल लड़की इलेना के किरदार में हूं। इस तरह का किरदार मैंने ऑन स्क्रीन अब तक नहीं किया था। यह किरदार निजी ज़िन्दगी में मुझसे बिलकुल भी मेल नहीं खाता है सो यह मेरे लिए एक चैलेंज की तरह था।
इस फिल्म में आपके लुक और सैफ के साथ आपके बोल्ड सीन की ज़बरदस्त चर्चा हो रही है। आप ऐसे सीन करने में कितनी सहज होती हैं?
'रेस' 2 स्टाइलिश फिल्म है तो पर्दे पर आकर्षक नज़र आना ही था। फिल्म में सैफ और मेरे बीच फिल्माए गए बोल्ड सींस को लेकर जहाँ तक सहजता की बात थी तो मैं उन दृश्यों को करने में सहज थी या असहज; मैं यह बात नहीं सोचती ही नहीं, बल्कि एक एक्ट्रेस के तौर पर स्क्रिप्ट की जो भी डिमांड होगी, वह मुझे करना है। इसलिए बोल्ड़ सीन हो या आम, मेरा अप्रोच उन सभी को लेकर एक सा ही होता है।
'रेस' स्टाइलिश होने के साथ साथ एक्शन से भरपूर फिल्म बताई जा रही है ऐसे में फिल्म में आप कितना जोखिम उठाती दिखेंगी?
यह स्टाइलिश और एक्शन फिल्म ज़रूर है लेकिन फिल्म में मैंने एक्शन सीन नहीं किये हैं, वह दुसरे स्टार्स पर फिल्माया गया है। फिल्म में मेरा सिर्फ एक एक्शन सीन है। वो कार चेज़ है। बिना बॉडी डबल के मैंने वह सीन किया। वैसे जबरदस्त एक्शन और थ्रिल से पूरी फिल्म भरी पड़ी है।
यह आपकी पहली फिल्म है जो इस साल पर रिलीज़ हुई है फिल्म से आपको क्या उम्मीदें हैं?
मैं चाहती हूँ की 'रेस' 2 दर्शकों का पूरी तरह से मनोरंजन करे। उनके लिए यह पैसा वसूल फिल्म साबित हो क्यूंकि लोगों को यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा एंटरटेन कर सकती है यही सोचकर मैं इस फिल्म से जुडी थी।
मल्टीस्टारर फिल्म में रेसपांसिबिलिटी कम होती है आप इस बात को मानती हैं क्या?
मैं रेसपांसिबिलिटी से डरती नहीं हूँ। अगर डरती तो छोटी उम्र में ग्लैमर वर्ल्ड से न जुड़ती। खैर मैं किसी फिल्म का हिस्सा हूँ और वो फिल्म नहीं चली तो मुझे उसकी असफलता को स्वीकारने में कोई परेशानी नहीं है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करती है तो अच्छा लगता है लेकिन फिल्म अगर ज्यादा कमाई नहीं करती लेकिन मेरे अभिनय को सराहा जाता है तो भी सुकून मिलता है। एक्ट्रेस के तौर पर हमेशा अच्छा करना चाहती हूँ। जब अभिनय की आलोचना होती है तो ज्यादा बुरा लगता है।
जैक्लिन और अमीषा के साथ आपकी अनबन की ख़बरों पर आपको क्या कहना है?
मुझे लगता है कि मीडिया को अब थोड़ा समझदार हो जाना चाहिए। फिल्म में अगर एक साथ दो तीन हीरोइन है इसका मतलब यह कतई नहीं लगाया जाना चाहिए की हमारे बीच में अनबन होगी। इस फिल्म में जैकलीन, अमीषा और मैं एक दूसरे के साथ पूरी तरह से सहज थे। मैं एक सिक्योर एक्ट्रेस हूँ।
'रेस' की यह अदाकारा इंडस्ट्री की 'रैट रेस' पर कितना विश्वास करती है
मैं स्पोटर्स बैकग्राऊंड से आती हूं इसलिए प्रतिस्पर्धा में यकीन रखती हूँ, लेकिन मेरा मुकाबला खुद से ही है। मैं हेल्दी कम्पटीशन में विश्वास करती हूँ।
सैफ के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
सैफ के साथ काम करना हमेशा ही मजेदार और खास रहता है। सैफ के साथ मेरा ऑन हो या ऑफ; जबरदस्त कंफर्ट लेवल होता है। हम अब तक चार फिल्मों में काम कर चुके हैं और खास बात यह है कि वे सभी फिल्में एक-दूसरे से बिल्कुल अलग थी। अब तक ऑडियंस को हमारी केमिस्ट्री बहुत पसंद आयी है। मुझे लगता है कि 'रेस' टू के साथ भी यह जादू चलेगा। वह बहुत ही इंटेलीजेंट एक्टर हैं। हमेशा अपने को स्टार से उसका बेहतरीन करवा लेते हैं। फिल्म 'कॉकटेल' में मेरे अभिनय का श्रेय उनको भी जाता है।
सैफ को आप अपना अच्छा दोस्त करार देती हैं फिर करीना से आपकी अनबन की बात क्यूँ आती रहती है?
मुझे लगता है की यह भी मीडिया की ही सोच है। करीना और मेरे बीच कोई परेशानी नहीं है। पता नहीं ऐसी ख़बरों से क्या मिलता है।
रणवीर सिंह के साथ इन दिनों आप बहुत नज़र आ रही हैं...
(बीच में रोकते हुए) सच कहूँ तो मुझे ऐसी बातो की आदत हो गयी है। ज्यादा सोचती नहीं हूँ। पता है कुछ महीनो बाद किसी और से नाम जुड़ जायेगा। रणवीर सिंह और मैं साथ में 'राम लीला' की शूटिंग कर रहे हैं इसलिए हमारी दोस्ती हो गयी है। शूटिंग के बाद साथ में कॉफ़ी पीने या डिनर करने में कोई बुराई तो नहीं है?