-लंबे समय से चर्चा थी कि रितिक रोशन निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की पीरियड रोमांटिक फिल्म के बाद में अपने पिता राकेश रोशन की कृष-4 की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे। लेकिन सूत्रों की मानें तो ऐसा नहीं होने वाला है। खुद राकेश इस बात को लेकर सहमत हो गए हैं कि रितिक उनकी फिल्म से पहले कुछ ऐसी फिल्म लें, जिनसे उनके करिअर को नई ऊंचाई मिले। इन फिल्मों में निर्देशक संजय गुप्ता की फिल्म भी शामिल है। सूत्रों का कहना है कि इस फिल्म का निर्माण राकेश रोशन और संजय गुप्ता की कंपनियां मिल कर करेंगी।
इससे पहले राकेश के द्वारा बेटे को लेकर कृष-4 की तैयारियां करने की खबरें आ रही थीं। परंतु संजय गुप्ता ने उन्हें एक रोमांटिक सस्पेंस थ्रिलर का आइडिया सुनाया, जिसे पिता-पुत्र ने पसंद कर लिया। असल में संजय ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म जज्बा से पहले ही राकेश रोशन से संपर्क करके रितिक के साथ फिल्म करने की इच्छा जाहिर की थी। तब राकेश का कहना था कि वह कृष-4 पर काम कर रहे हैं और 2016 में उनका इस फिल्म को बनाने का इरादा है। इसी दौरान उन्होंने संजय से कहा था कि अगर वह साल के अंत तक अपनी फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी करके उन्हें सुना दें तो विचार किया जा सकता है। संजय ने ऐसा ही किया। जज्बा की शूटिंग के दौरान उनकी टीम स्क्रिप्ट पर काम करती रही और जज्बा की रिलीज के बाद उन्होंने स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दिया।