बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का ट्रेंड बदल रहा है। दिलवाले से कड़ी टक्कर होने के चलते शुरुआती कमाई में पिछड़ने के बाद बाजीराव मस्तानी ने जबर्दस्त वापसी की है। फिल्म हर रोज पिछले दिन की तुलना में अगले दिन अधिक दर्शकों को खींचने में कामयाब रही है। फिल्म व्यापार पंडितों के मुताबिक संजय लीला भंसाली की फिल्म के लिए यह बेहद अच्छा है। क्योंकि प्रतिद्वंदी फिल्म ऐसा नहीं कर पा रही है।
जानकारों के मुताबिक बाजीराव मस्तानी का यह सिलसिला बना रहा तो फिल्म नए साल पर बड़ा कमाल कर सकती है। एक तरफ न केवल फिल्म समीक्षकों बल्कि आम जनता की तरफ से भी बाजीराव मस्तानी को अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। जबकि प्रतिद्वंदी फिल्म दिलवाले के मामले में यही बातें ठीक उलट हैं। दिलवाले की लगातार आलोचना हो रही है।
बावजूद इसके अभी दिलवाले की कमाई, बाजीराव मस्तानी की तुलना में कहीं अधिक है। लेकिन बाजीराव की कमाई का ग्राफ लगातार तेजी से ऊपर जा रहा है। कुछ व्यापार विश्लेषकों ने तो ये भी कहना शुरू कर दिया है कि बाजीराव आने वाले दिनों में दिलवाले को पछाड़ देगी। जानिए, पहले वीकेंड पर बाजीराव मस्तानी ने कमाया कितना।
पहले वीकेंड पर बाजीराव मस्तानी ने कमाया कितना
पहले दिन बाजीराव मस्तानी ने 12 करोड़ की कमाई की थी। लेकिन अगले दिन दूसरे दिन बदलने की उम्मीद की जा रही थी, जो कि बदला भी। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबर्दस्त उछाल देखने को मिला। बॉलीमूवीरिव्यूज शनिवार को फिल्म की कमाई 14-15 करोड़ है। इस तरह दो दिन की कमाई 26-27 करोड़ हो गई।
लेकिन तीसरे दिन फिल्म ने पिछले दोनों दिनों से ज्यादा कमाई की। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के विश्वसनीय आंकड़े रखने वाली वेबसाइट बॉलीमूवीरिव्यूज डॉट कॉम के मुताबिक बाजीराव मस्तानी तीसरे दिन 17-18 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह से पहले सप्ताह फिल्म की कमाई 44.5-45.5 करोड़ रुपये पहुंच गई है। जो कि इस साल फिल्मों की पहले सप्ताह की कमाई के मामले में सातवीं सबसे बड़ी फिल्म है।
पर फ्लॉप होने का डर भी बना हुआ है
जानकारी के मुताबिक फिल्म को बनाने में संजय लीला भंसाली ने कुल 120 करोड़ रुपये खर्च किए है। जिसमें 100 करोड़ फिल्म बनाने और 20 करोड़ फिल्म के प्रचार-प्रसार में खर्च हुए है। इस लिहाज से देखें तो फिल्म को अभी बहुत कमाई की जरूरत है, ताकि वह अपना पैसा निकाल सके।
साथ ही यह भी चर्चा हो रही है कि यह फिल्म कुछ खास दर्शकों को ही पसंद आ रही है। मनोरंजन के लिए फिल्म देखने वाले बहुसंख्यक दर्शक अब भी दिलवाले को पहली प्राथमिकता दे रहे हैं।
मराठा पेशवा बाजीराव और मस्तानी की जिंदगी पर बनी ये फिल्म काफी समय से चर्चा में है। बाजीराव और मस्तानी के वंशज ट्रेलर रिलीज के समय से ही इसका विरोध कर रहे हैं। यहां तक कि फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए कोर्ट से भी दर्ख्वास्त की गई।