फिल्म निर्माता-निर्देशक अपने कलाकारों और अपनी फिल्म की पहली लुक को छिपाने के लिए कई उपाय करते हैं। जैसे आशुतोष गोवारिकर की फिल्म मोहनजोदडो के सेट पर हीरो ऋत्तिक रोशन को भी फोन ले जाने की मनाही है। वहीं संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी की लुक को छिपाने के लिए अभिनेता रणवीर सिंह को कई दिनों तक टोपी लगा कर घूमना पडा था।
लेकिन फिर भी फिल्म और कलाकारों की पहली लुक फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले लीक हो जाती हैं और ऐसा ही हुआ ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म 'जज्बा' के साथ। ऐश्वर्या की फिल्म के प्रोमो के रीलीज से काफी पहले उनकी फिल्म के सेट की तस्वीरें इंटरनेट पर आ गई थीं।
ऐसी घटनाओं से फिल्म को होने वाले नुकसान से ऐश्वर्या इंकार नहीं करती हैं। फिल्म की पार्टी के दौरान ऐश्वर्या ने कहा, 'किसी के लिए भी फिल्म की लुक को छिपा के रखना बहुत मुश्किल है क्योंकि आज हर किसी के पास कैमरा है।'