छात्र मयंक हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक नाबालिग छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक छात्र की हत्या की वजह एक छात्रा को लेकर आरोपी छात्र से फेसबुक पर हुई तकरार थी।
इसी तनातनी के चलते दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ और मयंक की हत्या कर दी गई। इस मामले में तीनों आरोपी छात्र नाबालिग हैं।
रविवार शाम को घटना का खुलासा करते हुए कोतवाली प्रभारी आरएन सिंह यादव ने बताया कि कक्षा ग्यारह का छात्र मयंक अपने स्कूल की ही एक छात्रा के प्रति आकर्षित था।
फर्जी आईडी से शुरू हुआ बवाल
उसने फेसबुक पर एंजिल नाम से एक फर्जी आईडी तैयार की। फिर उस छात्रा की क्लास में पढ़ने वाले एक छात्र से फेसबुक के जरिये उसकी जानकारी करनी शुरू कर दी।
आरोपी छात्र ने इसका विरोध किया, तो दोनों के बीच फेसबुक पर ही तकरार शुरू हो गई। दोनों ने एकदूसरे को धमकाना भी शुरू कर दिया। इसी को लेकर दोनों में तनातनी चल रही थी।
शनिवार को ट्यूशन के बाद मयंक और आरोपी पक्ष के छात्र रेलवे रोड पर आपस में भिड़ गए। दोनों छात्र गुटों में जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान आरोपी पक्ष के छात्र ने मयंक के गले से तमंचा सटाकर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्या के तीनों आरोपी छात्र नाबालिग हैं।
इनमें से एक आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी छात्र ने ही सारी बात बताई। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। जबकि हत्या के तीसरे नामजद आरोपी की संलिप्तता की जांच की जांच हो रही है।
गौरतलब है कि शहर के इंगलिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाले गांव कुड़ाना निवासी किसान कौंशिद्र के पुत्र मयंक उर्फ वासू की शनिवार शाम को शहर के रेलवे रोड पर सरेबाजार हुए छात्र गुटों के संघर्ष में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वह टयूशन पढ़कर घर लौट रहा था। मयंक के पिता की ओर से तीनों आरोपी छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।