आगरा के रामबाग में शनिवार सुबह करीब पौने पांच बजे व्यवसायी देवेंद्र त्यागी के घर में घुसे 30 साल के युवक को पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। उस पर चोरी की नीयत से घुसने का शक था। चश्मदीदों का कहना है उसकी पिटाई के दौरान ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अस्पताल नहीं ले जाया गया।
देवेंद्र त्यागी उसे एसएन मेडिकल कालेज लेकर गए। लेकिन थोड़ी देर में ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि उसकी मौत पिटाई से नहीं, छत से कूदने के कारण हुई है। देवेंद्र के दो मंजिला मकान में यह युवक मैन गेट के पास बने कमरे में देखा गया था। उसे चोर समझकर देवेंद्र के परिवारीजनों ने शोर मचा दिया।
आस-पास के लोगों ने पहुंचते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। उसे वहां से ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। चश्मदीदों ने बताया कि उसने माफी मांगी, लेकिन लोग नहीं रुके। उसके मुंह से खून निकलने लगा। उसने पानी मांगा तो उसे प्लास्टिक के गिलास में नाले का गंदा पानी पीने के लिए दिया गया।