राजस्थान के राजसमंद जिले के चारभुजा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम महिला को निर्वस्त्र करने व बाल काटने के बाद गधे पर बैठाकर गांव में घुमाने के मामले में सोमवार को एक महिला सहित 26 लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं चार को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जातीय पांचायत के फरमान के बाद राजस्थान में घटी इस शर्मनाक और गम्भीर घटना की देशभर में निंदा हो रही है। पीड़िता को सुरक्षा मुहैया करवाई गई है।
पुलिस ने इस मामले में रविवार को तीस लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें सोमवार को निचली अदालत में पेश किया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। पंचायत करने वाले जिम्मेदार लोगों को नामजद किया। पीड़िता को भी उचित सुरक्षा मुहैया करवाई गई है। उसके मुआवजे के प्रयास किए जा रहे है।