काम से घर लौटी एक अभिनेत्री के साथ उसके घर के सामने ही रेप की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अभिनेत्री ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने मदद के लिए गुहार लगाई लेकिन आसपास मौजूद कोई भी व्यक्ति उसे बचाने नहीं आया।
मामला कोलकाता का है। 34 वर्षीय अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि किसी तरह उसने बदमाश से खुद को अलग किया लेकिन जाते-जाते वह उसका मोबाइल छीनकर भाग गया।
इसके चलते पुलिस को मामले की सूचना देने में देरी हुई। पहले पुलिस ने रेप के प्रयास का मामला दर्ज करने से मना कर दिया लेकिन बाद में केस दर्ज कर लिया।
वो चीखती रही लोग देखते रहे
टीओआई के अनुसार, बीते रविवार को टीवी अभिनेत्री देर रात 1.40 बजे शूटिंग खत्म करके घर लौटी। ड्राइवर ने उन्हें मेन गेट पर छोड़ा और चला गया। वह घर का दरवाजा खोलने ही वाली थी कि तभी पीछे से एक व्यक्ति ने उसे दबोच लिया।
अभिनेत्री ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और शारीरिक शोषण की भी कोशिश की। इस दौरान वह बचाव के लिए चिल्लाती रही लेकिन आसपास खड़े लोगों में से कोई भी उसे बचाने नहीं आया।
उसने किसी तरह से खुद को मुक्त किया और पुलिस को फोन करने लगी लेकिन आरोपी बदमाश ने उसका फोन छीन लिया और फरार हो गया।
पांच मिनट में पहुंची पुलिस
अभिनेत्री ने किसी तरह लाल बाजार कंट्रोल रूम को फोन करके घटना की सूचना दी और पांच मिनट में वहां पुलिस पहुंच गई। हालांकि बाद में यह मामला दूसरे थाने में ट्रांसफर कर दिया गया।
डीसी (साउथ) संतोष पांडेय ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छेड़छाड़, रेप के प्रयास और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
बता दें कि यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब नए साल के जश्न के माहौल में पुलिस महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों को रोकने की कोशिश में जुटी है। इसके लिए पुलिस ने 1090 हेल्पलाइन भी जारी की है।