नवाबगंज के गांव चमरूआ मुझैना में शनिवार सुबह एक लड़की का शव कुएं में पड़ा मिला। दो सौ मीटर दूर पेड़ के नीचे उसका दुपट्टा पड़ा होने और घसीटे जाने के निशान से अनुमान लगाया जा रहा है कि दुष्कर्म के बाद उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करके उसके शव को घसीटते हुए ले जाकर कुएं में फेंका गया होगा।
शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। थाना नवाबगंज के गांव चमरूआ मुझैना निवासी धर्मपाल शनिवार सुबह सात बजे अपने खेत पर सिंचाई के लिए इंजन लेकर गया था। इंजन का पाइप कुएं में डालने के लिए जैसे ही उसने झांका तो उसमें किशोरी का शव उतरा रहा था। ये देख घबराए धर्मपाल ने पुलिस को सूचना दी।
इस पर सीओ नवाबगंज नरेश कुमार और फील्ड यूनिट के एक्सपर्ट केपी सिंह आदि की टीम मौके पर पहुंची। किशोरी के शव को रस्सी से खींचकर कुएं से बाहर निकाला गया। वह नीले कलर का सलवार कुर्ता पहने थी और उसके चेहरे और माथे पर चोट के निशान थे। गले में गोल फंदे का निशान था जिससे साफ हुआ कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई।