भट्टू कलां में रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाले एक परिवार ने अपनी नाबालिग लड़की की शादी गांव में ही रहने वाले युवक के साथ कर दी। युवक ड्राइवर है।
गुप्त सूचना के आधार पर महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल ने लड़की को उसके घर से बरामद कर लिया।
लड़की की काउंसलिंग करने पर उसने खुद बताया किया कि उसके परिजनों ने गुपचुप तरीके से उसकी शादी गांव से बाहर किसी मंदिर में करा दी।
हद तो तब हो गई जब 20 मई को जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी के नोटिस देने के बावजूद उसी दिन लड़की के घरवालों ने उसकी शादी कर दी।
तीसरी कक्षा में पढ़ती है नाबालिग वधू
भट्टू कलां में रहने वाले लड़की के पिता रवींद्र और मां रेखा रानी ने 20 मई को अपनी नाबालिग लड़की की शादी गांव के ही धर्मवीर पुत्र सत्यवीर के साथ कर दी।
गांव में किसी को भनक नहीं लगे, इसलिए नाबालिग की शादी गांव से बाहर मंदिर में कर दी गई। इसके बाद लड़की को लड़के और उसके परिजनों के साथ विदा कर दिया।
ससुराल में सारे रीति-रिवाज पूरा करने के बाद 21 मई को लड़की के ससुराल वालों ने उसे मायके भेज दिया परंतु किसी ने इसकी जानकारी जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल को दी।
काउंसलिंग में जबरन शादी कराने का हुआ खुलासा
रेखा अग्रवाल की टीम ने गांव पहुंचकर लड़की को उसके घर से बरामद कर लिया। लड़की की काउंसलिंग करने पर पता चला कि नोटिस देने के बाद उसी रात को उसकी शादी गांव के ही 19 वर्षीय धर्मवीर के साथ कर दी गई। धर्मवीर गांव का ही रहने वाला है।
नाबालिग लड़की तीसरी कक्षा में पढ़ती है। लड़की के पिता का देहांत हो चुका है। लड़की मां और लड़की दोनों मजदूरी कर अपना पेट पालते हैं। लड़की ने काउंसलिंग के दौरान स्वीकार किया कि उसकी शादी 20 मई को हो गई थी जबकि पहले उसकी शादी 25 मई को तय कर दी गई थी।
जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि नाबालिग की काउंसलिंग के बाद उसे मजिस्ट्रेट सुमित्रा कादियान की अदालत में पेश किया गया पर मजिस्ट्रेट ने बिना मुकदमा दर्ज किए नाबालिग का बयान लेने से मना कर दिया।
गांव से बाहर मंदिर में हुई शादी
जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल ने बताया कि लड़की की 25 मई की शादी होने की सूचना पर हमने 20 मई को गांव में दबिश दी थी और लड़की के घर नोटिस देकर गए थे कि अगर नाबालिग लड़की की शादी कि तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर नोटिस को दरकिनार करते हुए परिजनों ने लड़की की शादी उसी दिन करा दी और लड़की को विदा कर दिया।
रेखा अग्रवाल ने बताया कि लड़की और उसके परिजनों की काउंसलिंग कर ली गई है। लड़की और उसकी मां ने शादी की बात स्वीकार की है। अब यह रिपोट पुलिस अधीक्षक के सामने पेश की जाएगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।