एक युवती की शादी नहीं हो रही थी, तो घरवाले अड़चनों को दूर करने के लिए एक तांत्रिक के झांसे में आ गए। तंत्र-मंत्र के बीच तांत्रिक और युवती की प्रेम कहानी शुरू हो गई।
इसी बीच युवती की एक जगह शादी तय हो गई। सोमवार को सगाई वाले दिन युवती अचानक घर से लापता हो गई। घर वालों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण के आरोप में तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र का है।
परिजनों के अनुसार, उनकी बेटी पर एक तांत्रिक ने भूत-प्रेत का साया बताते हुए कहा था कि जब तक वह युवती का उपचार नहीं कराएंगे, उसकी शादी में आने वाली अड़चनें दूर नहीं होंगी। तांत्रिक के झांसे में आए परिजन इलाज कराने को तैयार हो गए थे।
एसओ वीरेंद्र कुमार के अनुसार, तांत्रिक ने पूछताछ में बताया कि युवती पहले किसी और से प्यार करती थी। करीब ढाई माह से वह तांत्रिक से प्यार करने लगी थी।
दोनों में यह बात हुई थी कि युवती की शादी जिस दिन तय होगी, वह या तो शांति कुंज, हरिद्वार चली जाएगी या फिर पंजाब में व्यास। बाद में वह तांत्रिक से शादी कर लेगी।
तांत्रिक के अनुसार वह दोनों में से किसी एक स्थान पर गई होगी। पुलिस युवती की तलाश में उसके परिजनों को लेकर दोनों स्थानों के लिए रवाना हो गई है।