भिंड गांव गहेली में फसल बंटवारे के विवाद में पूर्व दस्यु सुरेश महाराज ने अपने छोटे भाई की पत्नी गुड्डी देवी की शनिवार शाम हत्या कर दी।
महिला सरपंच गुड्डी देवी की हत्या के बाद एसपी विनीत खन्ना, गोहद एसडीओपी अमरनाथ वर्मा, अमायन थाना प्रभारी विनोद छावई, टीआई कुशल सिंह भदौरिया, बरोही थाना प्रभारी महेश सिंह जादौन गांव में पहुंचे।
एसपी खन्ना ने पूर्व दस्यु सुरेश महाराज की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई है। मालूम हो कि इससे पहले सुरेश महाराज गांव के सरपंच चुने गए थे लेकिन आपराधिक मामले होने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। बाद में उन्होंने अपने छोटे भाई रमेश की पत्नी गुड्डी देवी को सरपंच बनवाया।
बताया जाता है कि 1990 के दशक में पुलिस एनकाउंटर में हरिबाबा, उसके चचेरे भाई विनोद, चिंटी और अवधेश मारे गए। इस समय सुरेश महाराज जेल में बंद था। उस पर दतिया, शिवपुरी, ग्वालियर व भिंड जिले के पुलिस थानों में कई मामले चल रहे थे।
कुछ साल तक सजा काटने के बाद वह जेल से सभी मामलों में बरी हो गया और वर्ष 2009 में छूटकर आया।