बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। शहर के गर्दनीबाग थाना इलाके में स्थित एक सरकारी बिल्डिंग में जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने चार कमरे के एक सरकारी क्वार्टर में छापा मार कर दो ग्राहकों और रैकेट चलाने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनके साथ ही तीन लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है। सेक्स रैकेट से मुक्त कराई गई लड़कियां 25 से 30 साल के बीच की हैं।
एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि सरकारी क्वार्टर में सेक्स रैकेट की सूचना मिलने पर उन्होंने एसपी सिटी शिवदीप लांडे के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने सटीक सूचना के बाद मौके पर छापा मारा और संचालिका समेत आपत्तिजनक हालत में ग्राहकों को भी दबोच लिया। उन्होंने बताया कि तीनों लड़कियों को नारी निकेतन भेज दिया गया है।
बिस्तर के नीचे मिला आपत्तिजनक सामान
छापामारी के दौरान पुलिस को सरकारी क्वार्टर से भारी मात्रा में कंडोम के पैकेट ऑक्सीटोक्सिन के इंजेक्शन के अलावा बिस्तर के नीचे हजारों रूपए भी बरामद किए गए हैं।
रैकेट चलाने वाली महिला की पहचान लालमति देवी के रूप में हुई है। उसका पति पंजाब में रहता है। जबकि मौके पर पकड़े गए दो ग्राहक शेख और कृष्णपाद सामंत दोनों पश्चिम बंगाल के हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला ने जिस व्यक्ति से सरकारी क्वार्टर किराए पर लिया था वह सचिवालय में तैनात है। पुलिस इस मामले में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
लालमति पर जादू-टोना करने का भी आरोप लगा है। कुछ लोगों ने शिकायत की है कि वह निःसंतान महिलाओं को बच्चा पैदा करवाने के बहाने अपने जाल में फंसाती थी जादू-टोने की आड़ में उनसे पैसे भी ऐंठ लेती थी।
कई राज्यों से जुडे हैं इस रैकेट के तार
छापामारी के बाद पुलिस ने घर से जो दस्तावेज उठाए हैं उनसे इस सेक्स रैकेट के तार कई राज्यों से जुड़े होने का भी इशारा मिला है। मौके से गिरफ्तार शेख ने बताया कि उसने फोन के जरिए लालमति से संपर्क किया था।
पेशे से आभूषण कारीगर शेख और कृष्णपाद को पश्चिम बंगाल में ही एक महिला ने उसका पता बताया था और उसी के जरिए वे क्वार्टर तक पहुंचे थे।
पश्चिम बंगाल में वह उसी महिला के जरिए लड़कियों का इंतजाम कराता था। पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से मुंबई और अहमदाबाद के रेलवे टिकट भी बरामद हुए हैं। ऑक्सीटॉक्सिन के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। मौके से कई सीरिंज और कुछ सील बंद दवाएं भी मिली हैं।