(चित्र: स्थानीय पुलिस द्वारा जारी की गई आरोपी की तस्वीर)
इंग्लैंड की मैनचेस्टर पुलिस ने तीन महीने की बच्ची को बेचने की कोशिश करने के आरोप में एक 28 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। यह युवक 1000 पाउंड (लगभग 1 लाख रुपये) में इस बच्ची को बेचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक यह घटना शहर के बार्टन आर्केड शॉपिंग मॉल की है जहां इस युवक ने एक अजनबी से इस बच्ची को बेचने के लिए सम्पर्क किया। इस घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने दोपहर के बाद एक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक शॉपिंग मॉल में जब उस व्यक्ति ने बच्ची को खरीदने से इंकार कर दिया तो वह सड़क की तरफ निकल गया। वहां युवक ने दो अन्य लोगों से बच्ची को बेचने की कोशिश की।
उनमें से एक व्यक्ति ने एक स्थानीय समाचार पत्र से बातचीत में बताया कि उसने युवक से महज 1000 पाउंड के लिए इस धंधे को बंद करने की सलाह भी दी। इस घटना के कई घंटो बाद पुलिस ने आम नागरिकों से मिली जानकारी के आधार पर इस युवक को गिरफ्तार कर लिया।