यूपी के चंदौसी में एक मासूम से गुरुवार रात गैंगरेप की वारदात के बाद पुलिस ने सपा कार्यकर्ता साजिद कुरैशी को गिरफ्तार किया है। वह पूर्व में यूथ ब्रिगेड का विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष भी रह चुका है।
वारदात में शामिल उसके दो सहयोगी अभी फरार हैं। पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं, पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मुरादाबाद भेजा गया है।
गौरतलब है कि चंदौसी के एक घुमंतू परिवार की 12 वर्षीय बेटी को गुरुवार रात नौ बजे अपने डेरे के निकट स्थित बिरयानी ढाबे के पास लगे हैंडपंप से पानी लेने गई थी। इसी बीच दो युवक उसे खींचकर ढाबे में ले गए और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया।
हालांकि कपड़ा ठूंसने का आरोपी नामजद नहीं है, लेकिन साजिद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उसका नाम पता लग चुका है। पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि नामजद साजिद कुरैशी को गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरे नामजद अभियुक्त की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लड़की के चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट का भी पुलिस को इंतजार है, क्योंकि रिपोर्ट से ही उसकी सही उम्र पता लग सकेगी।