झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में हैंडपंप पर पानी भर रही नाबालिग लड़की को एक वहशी अपने घर में खींच ले गया। बलात्कार के बाद हत्या की मंशा से मिट्टी का तेल उड़ेलकर उसे आग लगा दी।
लपटों से घिरी किशोरी चीखती हुई घर पहुंच गई। परिजनों ने जैसे- तैसे आग बुझाई और उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया है।
इस सनसनीखेज वारदात की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़ित पक्ष से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की और उसकी मां को छोड़कर अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे। शाम करीब चार बजे नाबालिग घर से कुछ दूरी पर लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई थी, तभी हैंडपंप के पास रहने वाला आरोपी युवक उसे खींच कर अपने घर ले गया।
बुरी तरह जल गई नाबालिग, हालत गंभीर
आरोपी युवक ने घर में नाबालिग के साथ बलात्कार किया। इसके बाद उसने लड़की को मुंह बंद रखने के लिए कहा लेकिन जब उसने परिजनों से उसकी शिकायत करने की बात कही तो वह भड़क गया और उसने घर में रखा मिट्टी का तेल उड़ेलकर नाबालिग को आग लगा दी।
लपटों से घिरी नाबालिग चीख पुकार करते हुए आरोपी के घर से भागकर अपने घर आई। बेटी को लपटों से घिरा देख घर वाले दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
कुछ देर में मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। भागकर खेत से आए परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज आए, जहां हालत चिंताजनक बनी हुई है।
चिकित्सकों के मुताबिक किशोरी पचास फीसदी जल गई है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी व सीओ मोंठ मेडिकल कालेज पहुंचे और पीड़ित पक्ष से पूछताछ की।
यूपी: गैंगरेप के आरोपियों को लड़की ने चप्पलों से पीटा
बहराइच में नेपाल की एक किशोरी के साथ शुक्रवार रात हुए गैंगरेप के मामले में सुलह की कोशिश कराने को हुई पंचायत में पीड़िता ने आरोपियों की चप्पल से पिटाई कर दी।
शनिवार देर रात तक वर्दिया गांव में एक पूर्व प्रधान के घर हुई पंचायत में आरोपी माफी मांगने आए थे। किशोरी ने रविवार सुबह सुजौली थाने पहुंचकर गैंगरेप के पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
नेपाल के वर्दिया जिला निवासी एक 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार रात को भारतीय सीमा में नोमेंस लैंड के निकट स्थित कटियारा गौढ़ी शिव मंदिर परिसर में रामलीला देखने आई थी। वापस लौटते समय वर्दिया निवासी पांच युवकों ने किशोरी को अगवा कर असलहे के बल पर गैंगरेप किया था।
इस मामले में शनिवार दोपहर बाद पूर्व प्रधान श्यामलाल के आवास पर सुलह समझौता के लिए पंचायत शुरू हुई। किशोरी के परिवारीजन और गांव के लोग जमा थे। एक बजे से रात आठ बजे तक पंचायत चली। लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसी दौरान पांचों आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए पंचायत में माफी मांगने पहुंच गए।
समझौता करने से इंकार कर दिया
किशोरी ने सभी के सामने आरोपी युवकों की चप्पल से पिटाई की और समझौता करने से इंकार कर दिया। इसके चलते काफी गहमागहमी रही। रात में नेपाल के कोठियाघाट चौकी की पुलिस और एसएसबी वर्दिया आउटपोस्ट के जवान भी गांव पहुंचे। नेपाल पुलिस की अभिरक्षा में किशोरी और उनके परिवारीजनों को घर भेजा गया।
पढ़िए: सरकारी घर में पकड़ा गया सेक्स रैकेट
रविवार सुबह किशोरी ने अपनी मां और बहन के साथ सुजौली थाने पहुंचकर गैंगरेप के आरोपी राजू, राजन, किशन, श्यामदेव समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आरपी पांडेय ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूतावास को पत्र लिखने की बात पर हरकत में आई पुलिस
वर्दिया गांव में पंचायत के दौरान नेपाल पुलिस भी पहुंची थी। उसने पूरे मामले से भारतीय दूतावास को पत्र लिखकर अवगत कराने की बात कही थी। इस मामले में कोठियाघाट के एसएसआई मधुकर बिंद और धनौरा पुलिस चौकी इंचार्ज वन बहादुर ने सुजौली पुलिस को पत्र भी लिखा था। मामले को बढ़ता देख आनन फानन में पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ किशोरी को अगवा कर गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने का केस दर्ज किया है।