एक युवती घर जाने के लिए टैक्सी का इंतजार कर रही थी। तभी एक गाडी़ में सवार तीन लोग वहां पहुंचे और युवती को तमंचे के बल पर अपने साथ ले गए।
एक सुनसान जगह ले जाकर उन लोगों ने उससे गैंगरेप किया। बेहोश होने पर युवती को हाइवे पर फेंक कर चले गए। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता के बयान पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवती का आरोप है कि बदलना लेने के लिए इन लोगों ने उससे गैंगरेप किया है। घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की है।
वारदात की कहानी, पीड़िता की जुबानी
युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह एक एनजीओ में काम करती है। वह सोमवार को अपराह्न तीन बजे एनजीओ के काम से नाराहट अंतर्गत ग्राम गौना गई थी। शाम सात बजे काम निपटाने के बाद वह एक पिक अप में बैठकर ललितपुर की ओर आ रही थी।
कैलगुंवा तिगड्डा पर पिकअप से उतरने के बाद वह घर जाने के लिए टैक्सी खोजने लगी। तभी चार पहिया वाहन सवार लोगों ने उसके बगल में गाड़ी लगा दी और गेट खोलकर उसे अंदर खींच लिया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे।
इस दौरान एक व्यक्ति ने उस पर तमंचा तानकर गाड़ी में ही बलात्कार का प्रयास किया। इसके बाद तीनों लोग उसे एक गोदाम में ले गए, जहां बंधक बनाकर बलात्कार किया। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह अचेत हो गई।
मंगलवार सुबह वह लोग उसे हाइवे पर फेंक कर चले गए। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर रावतयाना निवासी मनोज उर्फ सप्पू समैया, उसके भाई बल्लू समैया एवं एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 घ, 342, 506 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हत्याकांड से जुड़े तार, बदले के लिए गैंगरेप
पीड़िता के बयानों में यह बात सामने आई है कि इस घटना के तार सात महीने पहले रावतयाना में हुई महिला की हत्या से जुड़े हुए हैं। रावतयाना मुहल्ले में 30 जून की रात मनोज समैया पर जानलेवा हमला किया गया था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला कमलेश (35 वर्ष) की गोली लगने से मौत हो गई थी।
मनोज समैया ने उस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनमें से एक तभी से जिला कारागार में बंद है। पीड़िता ने अपने बयानों में कहा है कि पति से संबंध विच्छेद होने के बाद हत्या के आरोप में बदं व्यक्ति के साथ रह रही थी।
वह उसकी जमानत के लिए पैरवी भी कर रही है, जिस पर मनोज समैया एतराज जता रहा था। इसकी शिकायत उसने पुलिस से भी की थी। पीड़िता का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ यह घटना की है।