बागपत जिले के ग्राम सिसाना में मंगलवार सुबह 10वीं की छात्रा (16) को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। प्रेम प्रसंग के शक में इस सनसनीखेज वारदात को पड़ोसियों ने ही अंजाम दिया। छात्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया।
मंगलवार को सुबह लगभग 10 बजे छात्रा अपने घर में अकेली थी। आरोप है कि उसी समय पड़ोस में रहने वाली मुनेश अपने पुत्र मनोज और पुत्रवधू बीना और रिश्तेदार राजू को लेकर उसके घर पहुंचे और छात्रा पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी।
किशोरी काफी देर तक चीखती-चिल्लाती रही। जब तक मोहल्ले के लोग उसे बचा पाते, तब तक छात्रा गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।