उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के हंडिया में भदोही के बसपा सांसद गोरखनाथ पांडेय के बेटे आनंद पांडेय को शुक्रवार रात पुलिस ने ढाबा में मारपीट और फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि शराब के नशे में उसने ढाबा के वेटर और मालिक से झड़प के बाद गोली चला दी थी। खबर पाकर पहुंचे सीओ और इंस्पेक्टर हंडिया ने उसकी रिवाल्वर भी जब्त कर ली।
किराए की कार के साथ ही पुलिस ने ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया है।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे भदोही लोकसभा क्षेत्र के बसपा सांसद गोरखनाथ पांडेय का पुत्र आनंद पांडेय कार से बरौत कस्बे के पास जीटी रोड स्थित राजदरबार ढाबा पहुंचा। उसके साथ एक और व्यक्ति था।
खाने-पीने के बाद जब पैसे चुकता करने की बारी आई तो आनंद ढाबा के वेटर से भिड़ गया। वेटर ने करीब आठ सौ रुपये का बिल थमाया तो उसे बुरा-भला कह दिया। ढाबा मालिक मुन्ना सिंह पहुंचे तो नशे और तैश में आनंद ने रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिया।
सीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि ढाबा मालिक से घटना की अर्जी मिलने पर आनंद के खिलाफ नामजद मुकदमा लिखा जाएगा।