एक युवती अखबार में हीरोइन बनने का विज्ञापन देखकर एक युवक से मिली। वह उसे लेकर अलीगढ़ आया और दोनों एक धर्मशाला में रुके। युवती ने अपने मन में स्टार बनने का ख्वाब पाले एक अजनबी पर भरोसा जताया था।
लेकिन उसका ख्वाब और भरोसा दोनों, एक ही रात में टूट गए। युवक ने हीरोइन बनाने के नाम पर उसकी अस्मत लूट ली और उसी रात दबे पांव कमरे से फरार हो गया। अगले दिन दोपहर में युवती ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी की रहने वाली सोनी (परिवर्तित नाम) चार बहनों में सबसे छोटी है, पिता की मौत के बाद मां ने बड़ी बहनों की शादी कर दी। हाईस्कूल करने के बाद करीब 20 वर्षीय सोनी रोजगार की तलाश में जुटी थी।
उसने दिसंबर में एक समाचार पत्र में मुंबई में हीरोइन बनने संबंधी विज्ञापन पढ़ा। उसने अपने मुहल्ले के कुछ सामाजिक लोगों से मदद मांगी और विज्ञापन में प्रकाशित नंबर पर संपर्क किया। संपर्क करने वाले युवक ने खुद को वीर सिंह निवासी मथुरा बताते हुए 14 दिसंबर की दोपहर शाहजहांपुर स्टेशन पर मिलने को कहा।
आर्थिक तंगी से जूझती सोनी युवक की बातों में आकर शाहजहांपुर आ गई और उसके साथ ट्रेन में सवार हो गई। शनिवार देर रात युवक ने उसे यह कहकर अलीगढ़ उतार लिया कि यहां रविवार को साक्षात्कार के बाद उसे मुंबई ले जाया जाएगा।
उसे सराय दुबे स्थित एक धर्मशाला में रोका गया। युवती के मुताबिक वहां आरोपी ने उससे रेप किया। फिर रात में किसी समय युवक वहां से गायब हो गया। रविवार दोपहर में पड़ोसियों की मदद से युवती पुलिस के संपर्क में आई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। चिकित्सकीय जांच में रेप की पुष्टि हुई है।