दिल्ली के नेबसराय थाना इलाके में एक व्यक्ति के संदिग्ध हालात में जलने का मामला सामने आया है। व्यक्ति को सफदरजंग अस्पताल के बर्न विभाग में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि व्यक्ति 85 फीसदी तक जला हुआ है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। व्यक्ति ने अपने बयान में कहा है कि नेबसराय थाने में तैनात तीन पुलिसकर्मियों ने उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, व्यक्ति का बेटा आपराधिक प्रवृति का है। नेबसराय थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसे पकड़ने गए। युवक घर में नहीं मिला। उसका पिता घर पर था।
पुलिसकर्मियों का कहना है कि व्यक्ति ने खुद आग लगाई है और पुलिसकर्मियों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का नाम उदय कुमार है। उसके बेटे पर उगाही का मामला दर्ज है। पुलिस उदय को पूछताछ के लिए बुलाई थी।
इस बात से परेशान होकर उसने शनिवार रात सैनिक फार्म के सीआरपीएफ कैंप के पास खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उसे तुरंत उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि उसने अस्पताल में दिए बयान में पुलिसकर्मियों पर आग लगाने का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।