फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनर किलिंग: प्यार करने की इतनी खौफनाक सजा

Thu, 19 Sep 2013 12:43 PM IST
अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतक के कलानौर थाने के अंतर्गत गांव गरनावठी में घर से लापता प्रेमी युगल की बुधवार सुबह हत्या कर दी गई।
विज्ञापन


हत्या के बाद युवक के सिर कटे शव को उसके घर के बाहर फेंक दिया और युवती का गुपचुप तरीके से दाह संस्कार कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शमशान घाट पहुंचकर चिता से युवती का अधजला शव निकाला।

पुलिस ने युवती के पिता नरेंद्र सहित तीन अन्य पर केस दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने युवती के कुछ परिवार वालों को हिरासत में लिया है।

घटना को लेकर गांव में तनाव फैला हुआ है, जिस वजह से यहां पर रिजर्व फोर्स तैनात की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच पड़ताल की। एफएसएल की विशेष टीम ने भी श्मशान घाट पहुंचकर इस बारे में तथ्य जुटाए।

जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि प्रेमी युगल मंगलवार से ही घर से लापता था और युवती के परिजन उनकी तलाश में लगे हुए थे।

मंगलवार दोपहर को गांव गरनावठी निवासी धर्मेंद्र और निधि घर से लापता थे। देर शाम से ही दोनों के परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। बुधवार सुबह युवती के परिजनों को पता चला कि दोनों दिल्ली में हैं। बताया जा रहा है कि वहां से लाकर उनकी गांव में गला काटकर हत्या की गई है।
विज्ञापन


तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जा रहा है कि इनका प्रेमी युगल का पिछले तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और इस बारे में उनके परिजनों को भी पता था। दोनों एक ही जाति से संबंध रखते थे। युवती के परिजनों ने कई बार उसे समझाया भी था, परंतु दोनों मानने को तैयार नहीं थे। युवक दसवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद गांव में परिजनों के साथ खेती करता था और युवती रोहतक में ड्राइंग टीचर को कोर्स कर रही थी।

गांव में दहशत फैलाने को प्रेमी का सिर काटा
गांव गरनावठी से प्रेमी युगल निधि और धर्मेंद्र के लापता होने के बाद से ही यह तय कर लिया गया था कि दोनों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल जाए और इसके बाद कोई ‘प्यार’ करने की हिम्मत न जुटा सके। इसी कारण प्रेमी जोड़े की तेजधार हथियारों से काटकर हत्या की गई।

दहशत फैलाने के लिए धर्मेंद्र के सिर को धड़ से अलग कर दिया गया और उसे उनके ही घर के बाहर फेंका गया। युवती के परिजनों ने युवक पक्ष को पहले ही आगाह कर दिया था। युवक के परिजनों ने भी इस बारे में कोई विरोध नहीं जताया।

करीब एक घंटे तक युवक का शव उनके ही घर के बाहर पड़ा रहा। उसका सिर काटकर उसके पैरों में रखा गया, परंतु किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वे शव की इस तरह हो रही दुर्गति को रोके।

गांव गरनावठी निवासी निधि के प्रेम-प्रसंग को लेकर परिजनों को पहले से ही खबर थी और इस बारे में उन्होंने कई बार उसे समझाया भी था। मंगलवार दोपहर बाद युवती किसी काम के बहाने से घर से बाहर आई और शाम तक वापस नहीं लौटी। इस पर परिजनों को शक हो गया और उन्होंने धर्मेंद्र के परिजनों से पता किया। परिजनों ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इंकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों ने युवक पक्ष को इसी समय हत्या का संकेत दे दिया था, लेकिन उनकी ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई। बाद में पुलिस आई तो इसके बावजूद भी ग्रामीण चुप्पी साधे रहे।
विज्ञापन


मृतक के भाई पवन से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने भी यह कहा कि उन्हें नहीं पता कि धर्मेंद्र की हत्या कैसे और किसने की है। स्थिति को देखते ही गांव में रिजर्व फोर्स तैनात कर दी गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें