बंगलुरु की एक महिला ने अपनी बेटी के जिंदगी में फिर से खुशियां लाने के लिए अपने नाती को ही किडनैप कर लिया।
दरअसल उसकी बेटी का बच्चा दोबारा शादी करने में आड़े आ रहा था। इसलिए महिला ने उसे किडनैप करने का फैसला कर लिया। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर महिला और उसके दो साथियों को अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बाइरप्पा की रहने वाली गायत्री (45) की बेटी सुप्रिया (24) की शादी दो साल पहले इलाके के ही शंकर (28) शंकर से हुई थी। लेकिन पिछले साल बच्चे अनीश के जन्म के बाद दोनों अलग हो गए थे।
अब गायत्री अपनी बेटी की दोबारा शादी कराना चाहती थी। लेकिन अनीश की वजह से वह ऐसा नहीं कर पा रही थी। डीसीपी (ईस्ट) पी एस हर्ष के अनुसार गायत्री ने परेशान होकर अपने ही नाती को अगवा करने की साजिश रच डाली।
4 दिसंबर को गायत्री अनीश को लेकर मारथाली रिंग रोड के पास एक शादी में पहुंची। वापस लौटते वक्त सफेद रंग की ओमनी वैन सवार उनकी गोद से बच्चा लेकर फरार हो गए। लेकिन गायत्री की यह चालाकी सीसीटीवी कैमरे से बच नहीं पाई। उसे अपहर्ताओं को जानबूझ कर बच्चा देते हुए देखा गया।
पूछताछ के दौरान गायत्री ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। डीसीपी ने बताया कि गायत्री को उसके दोनों साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं बच्चा समेत तीन मोबाइल फोन और मारुति वैन भी जब्त की गई है।