उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक व्यक्ति ने रविवार रात बाबा और पोती के रिश्ते को कलंकित कर दिया।
घर में नाबालिग पोती को अकेली पाकर आरोपी बाबा ने उसे अपनी हवस का शिकार बना डाला। लड़की की चीख-पुकार सुनकर लोगों ने आरोपी को दबोच लिया।
सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी राम आनंद (परिवर्तित नाम) अपने परिवार के साथ रविवार को रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर में उसकी 11 वर्षीय बेटी मौजूद थी। तभी परिवार के ही एक अधेड़ (रिश्ते में किशोरी का बाबा) ने देर रात किशोरी के घर पहुंचकर उससे रेप किया।
पीड़िता की चीख सुन पड़ोसियों ने मौके पर जाकर देखा तो आरोपी बाबा रामबरन भाग रहा था। ग्रामीणों ने रामबरन को दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सोमवार को घर पहुंचे पीड़िता के पिता व माता को इस घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुराचार की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।